हांसी : ट्रेन से कटीं मां और 2 बेटियां
हांसी में सिरसा-दिल्ली रेलवे लाइन पर शनिवार को एक महिला और उसकी दो बेटियां ट्रेन की चपेट में आ गईं। इस हादसे में मां और एक बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर किया गया है।
यह घटना रामायण और मय्यड़ रेलवे स्टेशन के बीच हुई। किसी राहगीर ने पुलिस को सूचना दी कि रेलवे ट्रैक के पास एक महिला और दो लड़कियां बेसुध अवस्था में पड़ी हैं। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि महिला और एक बच्ची की मौत हो चुकी थी, जबकि दूसरी बच्ची गंभीर रूप से घायल थी।
पुलिस ने घायल बच्ची को तुरंत हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे हिसार के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका भगाना गांव की रहने वाली बताई जा रही है। हालांकि, पुलिस द्वारा अभी शिनाख्त और अन्य पहलुओं की पुष्टि की जा रही है।
जांच अधिकारियों ने बताया कि शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ।