{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Hariyali Teej Celebration Bhiwani: TIT स्कूल में मेहंदी प्रतियोगिता, छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

भिवानी के टीआईटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में हरियाली तीज पर मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित। 80 छात्राओं ने दिखाई अपनी कलात्मक प्रतिभा।
 

हरियाली तीज पर टीआईटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन, छात्राओं ने दिखाई रचनात्मक प्रतिभा

भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है तीज : किरण कौशिक


अपनी कला और हुनर को स्वरोजगार का माध्यम बना सकती है छत्राए : डीपी कौशिक


भिवानी, 13 अगस्त : हरियाली तीज के अवसर पर स्थानीय टीआईटी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में कक्षा 8वीं से 12वीं तक की छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए अपनी कला एवं रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में करीब 80 छात्राओं ने हिस्सा लिया और विभिन्न आकर्षक डिजाइनों के माध्यम से अपनी कलात्मक क्षमता का परिचय दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि एवं विशेष अतिथि के रूप में हेयर एंड लुक्स की ऑनर किरण कौशिक ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती के समक्ष पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इसके बाद छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां एवं नृत्य प्रस्तुत कर कार्यक्रम में हरियाली तीज की उमंग और उल्लास को और बढ़ा दिया। मेहंदी प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं ने हाथों पर पारंपरिक, राजस्थानी, फूल-पत्तियों एवं आधुनिक डिजाइनों की आकर्षक मेहंदी लगाकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में छात्राओं के उत्साह को देखते हुए विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना रहा। शिक्षिकाओं ने भी छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उनकी रचनात्मकता की सराहना की।

 इस मौके पर मुख्य अतिथि किरण कौशिक ने कहा कि हरियाली तीज हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपनी कला और हुनर को केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित न रखें, बल्कि इसे आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भरता और रोजगार का माध्यम भी बना सकती हैं। इस मौके पर प्राचार्य डॉ. डीपी कौशिक ने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ विद्यार्थियों को अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने छात्राओं से आह्वान किया कि वे मेहनत, लगन और रचनात्मक सोच के साथ अपने हुनर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि आज के समय में मेहंदी, कला, डिजाइनिंग सहित विभिन्न रचनात्मक क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार की अनेक संभावनाएं मौजूद हैं।

विद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.पी. कौशिक ने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों से जोडकऱ उनका सर्वांगीण विकास करना है। हरियाली तीज के अवसर पर आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता इसी दिशा में एक सार्थक पहल है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, रचनात्मकता, अनुशासन और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी छात्राओं को हरियाली तीज की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय की अध्यापिकाओं डॉ. विजाया शर्मा, सीमा शर्मा, अन्नु, अगीता, सुगंधा, सरला वह कला अध्यापिका समृद्धि शर्मा, कविता की विशेष भूमिका रही। शिक्षिकाओं ने प्रतियोगिता के दौरान छात्राओं का मार्गदर्शन किया तथा उनके उत्साह को बढ़ाया।