हरियाणा विधानसभा विंटर सेशन-दूसरा दिन, विधायक बत्रा के PPP का मुद्दा उठाने पर हंगामा
हरियाणा विधानसभा के विंटर सेशन में आज शुक्रवार को दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। आज सदन में डबल सिटिंग में होगी। पहली सिटिंग में कांग्रेस विधायक बीबी बत्रा ने परिवार पहचान पत्र (PPP) का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि सूबे में लगातार राशन कार्ड काटे जा रहे हैं, सरकार इनको काटने की वजह बताएगी।
आगे कहा कि चुनाव से पहले सरकार ने फर्जी राशन कार्ड बनवाए और उन्हें राशन का प्रलोभन दिया है। अब जब चुनाव हो गए हैं तो राशन कार्ड काटे जा रहे हैं। यही तो वोट चोरी है। इस पर जवाब देते हुए सीएम नायब सैनी ने कहा कि ये झूठे आरोप हैं। ये सिर्फ सदन में हाजरी लगाने के लिए ये झूठे आरोप लगा रहे हैं। मैं इससे पहले भी सदन में इसको लेकर डिटेल में जवाब दे चुका हूं।
सीएम सैनी ने आगे कहा कि जनता ने इनको नकार दिया है, अब ये फ्रस्ट्रेट हो रहे हैं। इस दौरान कांग्रेस के सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। स्पीकर हरविंद्र कल्याण के हस्तक्षेप के बाद वे शांत हुए।
उधर, आज दूसरी सिटिंग में कांग्रेस की ओर से नायब सैनी सरकार के खिलाफ लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा होगी। यह कदम कांग्रेस की ओर से राज्य सरकार के खिलाफ विरोध स्वरूप उठाया गया है। विपक्षी दल कांग्रेस ने वर्तमान सरकार की नीतियों और कार्यप्रणाली पर गंभीर आपत्तियां जताई हैं और उन्हें कारण बताते हुए अविश्वास प्रस्ताव रखा है।
माना जा रहा है कि इस प्रस्ताव पर जोरदार बहस होगी, जिसमें दोनों पक्ष अपनी-अपनी दलीलें प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद मतदान के परिणाम से यह स्पष्ट हो जाएगा कि वर्तमान सरकार को विधानसभा का समर्थन प्राप्त है या नहीं। राज्य की राजनीति में यह एक महत्वपूर्ण मोड़ माना जा रहा है, क्योंकि अविश्वास प्रस्ताव सदन के प्रति सदस्यों के विश्वास की परीक्षा होता है।