{"vars":{"id": "123258:4912"}}

केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के समक्ष रखी जाएगी किसानों की टावर लाईन के मुआवजे की मांग: सांसद धर्मबीर सिंह
 

सांसद धर्मबीर सिंह, विधायक कपूर सिंह वाल्मीक और डीसी साहिल गुप्ता ने सुनी टॉवर लाईन से प्रभावित किसानों की समस्या
 
भिवानी, 07 जून। स्थानीय लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र से सांसद चौ. धर्मबीर सिंह की अध्यक्षता में सिवानी से सोनीपत और सिवानी से जींद जाने वाली टॉवर लाईन से प्रभावित किसानों की एक बैठक आयोजित हुई। बैठक में बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि, डीसी साहिल गुप्ता और भाजपा जिलाध्यक्ष विरेंद्र कौशिक भी मौजूद रहे। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि टॉवर लाईन से संबंधित जमीन के रेट को लेकर बनाई गई पॉलिसी बारे व पोर्टल को फिर से खोलने को लेकर शीघ्र ही केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की जाएगी और किसानों की समस्या के बारे में अवगत करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि वे किसानों के साथ हैं। वे चाहते हैं कि किसानों को उनकी जमीन का अधिक से अधिक मुआवजा मिले। बवानीखेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने किसानों को एक राय बनाकर प्रस्ताव देने की बात रखी।
उल्लेखनीय है कि सिवानी से सोनीपत को जाने वाली टावर लाइन में गांव झुप्पा, बुद्ध शैली,घंघाला, मोहिला, खरकड़ी, गढवा, भेरा, मिरान, दरियापुर, छपार जोगियान, छपार रांगड़ान, गारनपुरा पिंजोखरा, डाडम, बागनवाला, तोशाम, अलखपुरा, सागवन, भुरटाना, बलियाली, बवानीखेड़ा, सुमड़ा खेड़ा, लोहारी जाटू, मंढाणा, धनाना ओर बडेसरा गांवों में कुल 195 टावर लगने हैं। इसी प्रकार से सिवानी से जींद जाने वाली लाईन में जिला भिवानी में आने वाले गांव झुप्पा कलां, बुद्ध शैली, मोहिला, बख्तावरपुरा, भेरा और धूलकोट में 50 टावर लगने हैं।
बैठक के दौरान किसानों ने अपनी मांग रखते हुए कहा कि जब तक वाजिब मुआवजा नहीं मिलता, तब खेतों में टॉवर न लगाए जाएं। किसानों को एकमुश्त मुआवजा मिलना चाहिए। किसानों को किसी भी तरह से नुकसान नही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि जमीन के रेट मार्केट वैल्यू के हिसाब से मिलने चाहिए।
सांसद ने किसानों की बातों को गौर से सुना और कहा कि क्षेत्र के हिसाब से जमीन के कलेक्टर रेट अलग-अलग हो जाते हैं। किसानों को अधिक से अधिक मुआवजा राशि दिलवाने का भरसक प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह केंद्र सरकार के अधीन का मामला है, ऐसे में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल से मिलकर किसानों की मांग रखी जाएगी।
बैठक में किसान सभा से मास्टर जग रोशन, कामरेड ओमप्रकाश, दयानंद पूनिया और कमल प्रधान भी मौजूद रहे। उन्होंने किसानों को अधिक से अधिक मुआवजा राशि दिलवाने की मांग रखी। कामरेड ओमप्रकाश और कमल प्रधान ने कहा कि ढाणा नरसान से ईशरवाल तक डाली गई बिजली लाइन में कुसुंभी से ईशरवाल तक शेष किसानों को मुआवजा नहीं मिला है, जो कि पहले वाले गांवों के हिसाब से मिलना चाहिए।
बैठक के दौरान एसडीएम भिवानी महेश कुमार, सीटीएम अनिल कुमार, एसडीएम तोशाम संदीप कुमार और एसडीएम सिवानी विजया मलिक सहित संबंधित गांवों के किसान, राजस्व अधिकारी, पावर ग्रिड से प्रतिनिधि मौजूद रहे।