HBSE के नए चेयरमैन बने शंकर लाल धुपड़, HTET परीक्षा से पहले बड़ा बदलाव
हरियाणा सरकार ने HTET परीक्षा से पहले HBSE चेयरमैन बदला। शंकर लाल धुपड़ ने डॉ. पवन कुमार की जगह ली। जानें नए चेयरमैन का प्रोफाइल और 13-14 जून को होने वाली परीक्षा का अपडेट।
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड भिवानी द्वारा अगले महीने हरियाणा शिक्षक पात्रता यानी एचटेट की परीक्षा आयोजित की जा रही है। इसी बीच सरकार ने यह परीक्षा करवाने वाली संस्था हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन को बदल दिया है। सरकार द्वारा 26 मई को भिवानी निवासी शंकर लाल धुपड़ को बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। वे डा. पवन कुमार की जगह लेंगे।
एचटेट की परीक्षा से पहले सरकार द्वारा यह बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। क्योंकि 13 व 14 जून को एचटेट की परीक्षा होनी है। ऐसे में चेयरमैन स्तर के पदाधिकारी का तबादला बहुत अहम हो जाता है। फिलहाल शंकर लाल धुपड़ हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड को चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
पेशे से वकील और राजनेता हैं धुपड़, लंबा अनुभव
शिक्षा बोर्ड के नए चेयरमैन शंकर लाल धुपड़ पेशे से वकील और राजनेता हैं। उनको जन्म 1961 में भिवानी में हुआ। भिवानी में शिक्षा प्राप्त की और इसके बाद कानून की पढ़ाई उन्होंने जयपुर विश्वविद्यालय से की। वे छात्र राजनीति से जुड़े रहे हैं इसके बाद जनता पार्टी युवा मोर्चा में भी महत्वपूर्ण रूप से कार्य किया। हालांकि शंकर लाल धुपड़ 1988 से भाजपा में कार्यरत हैं। जिला पार्टी के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। इसके अलावा पार्टी में जिला सचिव, जिला मीडिया प्रमुख तीन बार जिला महामंत्री जैसे पद पर रह चुके हैं।
विवि के प्रोफेसर हैं डा. पवन कुमार
वहीं इससे पहले बोर्ड के चेयरमैन रहे डा. पवन कुमार प्रदेश के जाने माने शिक्षाविद हैँ। उनका 36 साल का लंबा अनुभव रहा है। वे महेंद्रगढ़ स्थित हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में रसायन विज्ञान के प्रोफेसर हैं। मूल रूप से हरियाणा के जुलाना के रहने वाले हैं और शिक्षा के साथ परीक्षा व्यवस्था में किए गए सुधार के लिए उनके कार्यकाल को याद किया जाएगा। पिछले दिनों 11 मार्च को उन्होंने तीसरी बार बोर्ड चेयरमैन का कार्यभार संभाला था।