{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Caste Census Demand: वैज्ञानिक तरीके से हो जाति की गिनती, हरियाणा कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के सामने रखी बात

हरियाणा कांग्रेस के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ में राज्यपाल असीम कुमार घोष से मुलाकात कर वैज्ञानिक तरीके से जाति जनगणना कराने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा।

 

आज हरियाणा कांग्रेस के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने चंडीगढ़ के लोक भवन पहुंचकर राज्यपाल प्रोफेसर असीम कुमार घोष से मुलाकात की। इस महत्वपूर्ण शिष्टाचार भेंट और ज्ञापन सौंपने के दौरान हरियाणा कांग्रेस प्रभारी संजय दत्त, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेन्द्र सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, ओबीसी अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश जांगड़ा सहित पार्टी के कई विधायक और वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल को एक विस्तृत मेमोरेंडम सौंपा है।

📊 आगामी जनगणना में जाति की वैज्ञानिक गिनती पर जोर, सामाजिक न्याय को बताया जरूरी

कांग्रेस नेताओं द्वारा राज्यपाल को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया है कि आने वाली जनगणना में जाति की गिनती के तरीके को लेकर एक बहुत बड़े राष्ट्रीय महत्व के मुद्दे पर विचार किया जाना चाहिए। पार्टी का मानना है कि जाति जनगणना सामाजिक न्याय का एक ऐतिहासिक जरिया तभी बन सकती है, जब हर जाति और समुदाय की गिनती पूरी तरह सही, वैज्ञानिक तरीके से और लगातार की जाए। सिर्फ नागरिकों से उनकी जाति पूछना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि एक जैसी जातियों के क्षेत्रीय बदलाव, उपनाम और अलग-अलग स्पेलिंग को अलग-अलग समुदायों के रूप में न गिना जाए।

🔍 गलत कोडिंग से हो सकती है आबादी में बंटवारा, सही डेटा से बनेगी मजबूत पब्लिक पॉलिसी

ज्ञापन में इस बात पर विशेष चिंता जताई गई है कि यदि जाति के नाम बिना किसी वैज्ञानिक और मानकीकृत कोडिंग सिस्टम के दर्ज किए जाते हैं, तो एक ही समुदाय की आबादी कई अलग-अलग प्रविष्टियों में बंट सकती है। कांग्रेस नेताओं का तर्क है कि सही गिनती से ही सही डेटा मिलता है, और सटीक डेटा के आधार पर ही प्रभावी सार्वजनिक नीतियों (पब्लिक पॉलिसी), समान प्रतिनिधित्व और सामाजिक न्याय की परिकल्पना को साकार किया जा सकता है।