{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani Power Grid Strike: भिवानी और चरखी दादरी में 38 पावर हाउस बंद, कर्मचारियों ने कार्यालय पर जड़ा ताला; निजीकरण का विरोध

हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय हड़ताल शुरू। भिवानी के सुरपुरा कलां में करंट लगने से किसान की मौत, निजीकरण के खिलाफ प्रदर्शन जारी।

 

भिवानी। हरियाणा में बिजली कर्मचारियों की तीन दिवसीय प्रदेशव्यापी हड़ताल के पहले दिन ही भिवानी से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गांव सुरपुरा कलां के खेतों में ट्रांसफार्मर पर फेज बदलने चढ़े करीब 50 वर्षीय किसान बलवान की करंट लगने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। उधर, निजीकरण, एग्री डिस्कॉम और स्मार्ट मीटर के विरोध में उतरे बिजली कर्मचारियों ने भिवानी में बोर्ड कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर ताला जड़ दिया। कर्मचारी नेताओं का दावा है कि भिवानी और चरखी दादरी क्षेत्र में 38 पावर हाउस पूरी तरह बंद हैं।

🏥 अस्पताल की बिजली बहाल करने पहुंचे एसडीएम और डीएसपी: निजीकरण के खिलाफ आर-पार की लड़ाई का ऐलान

हड़ताल के कारण बिजली व्यवस्था चरमराने लगी है, जिसके चलते नागरिक अस्पताल की आपूर्ति प्रभावित होने पर एसडीएम महेश कुमार और डीएसपी महेश कुमार को खुद बिजली बोर्ड कार्यालय पहुंचकर बिजली चालू करवानी पड़ी। सर्कल सचिव मनोज बल्लू और अशोक गोयत ने कहा कि बिजली वितरण का निजीकरण होने से भविष्य में बिजली महंगी होगी और युवाओं के रोजगार पर संकट आएगा। कर्मचारी संगठनों ने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार निजीकरण और स्मार्ट मीटर की नीतियों को वापस नहीं लेती, तब तक उनका विरोध प्रदर्शन पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा।