किसानों के हक की बड़ी जीत : रबी-2023 सरसों का 52 करोड़ रुपये का बकाया फसल बीमा क्लेम जल्द मिलेगा, मुख्यमंत्री नायब सैनी का आभार : पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल
हरियाणा के किसानों के लिए बड़ी खुशखबरी! रबी-2023 के 52 करोड़ रुपये के बकाया सरसों फसल बीमा क्लेम का रास्ता साफ। जेपी दलाल ने सरकार का जताया आभार। पूरी खबर पढ़ें।
लोहारू/बहल/सिवानी, 08 जुलाई। पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने किसानों के हित में हरियाणा सरकार द्वारा उठाए गए महत्वपूर्ण कदम का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के अन्नदाताओं की बड़ी जीत बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संवेदनशील नेतृत्व और त्वरित निर्णय क्षमता के कारण रबी-2023 (सरसों) का लगभग 52 करोड़ रुपये का बकाया फसल बीमा क्लेम अब जल्द ही किसानों के बैंक खातों में पहुंचने का मार्ग प्रशस्त हो गया है।
पूर्व कृषि मंत्री जेपी दलाल ने बताया कि जून माह में सिवानी मंडी में आयोजित जनसभा के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष फसल बीमा कंपनियों की मनमानी, किसानों के प्रति उनके अड़ियल रवैये तथा लंबित बीमा दावों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया था। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की थी कि किसानों को उनका न्यायोचित हक दिलाने के लिए सरकार सख्त कदम उठाए। मुख्यमंत्री ने इस विषय को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सरकार की इसी दृढ़ इच्छाशक्ति और सख्ती का परिणाम है कि रबी-2023 के बकाया फसल बीमा क्लेम के मामले में संबंधित बीमा कंपनी को आखिरकार बैकफुट पर आना पड़ा। कंपनी ने हाईकोर्ट में चल रही अपनी कार्रवाई वापस ले ली है, जिससे किसानों को राहत मिलने का रास्ता साफ हो गया है। अब रबी-2023 (सरसों) का लगभग 52 करोड़ रुपये का बकाया फसल बीमा क्लेम शीघ्र ही सीधे पात्र किसानों के बैंक खातों में जमा कराया जाएगा।
पूर्व कृषि मंत्री ने कहा कि यह केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि किसानों के अधिकारों की जीत और सरकार की किसान हितैषी नीतियों का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हितों के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करेगी और अन्नदाता के हक की रक्षा के लिए हर स्तर पर मजबूती से खड़ी है।
जेपी दलाल ने क्षेत्र के सभी किसानों की ओर से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी तथा हरियाणा सरकार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार ने उनकी मांग पर तुरंत संज्ञान लिया और किसानों के हित में निर्णायक कदम उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री का यह निर्णय किसानों के प्रति उनकी संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने आगे कहा कि खरीफ-2023 फसल बीमा क्लेम के मामले में भी मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित समिति पहले ही किसानों के पक्ष में अपना निर्णय दे चुकी है। उन्हें पूर्ण विश्वास है कि मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में खरीफ-2023 (कपास) का लंबित फसल बीमा क्लेम भी शीघ्र किसानों को मिलेगा, जिससे हजारों किसान परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी।
जेपी दलाल ने कहा कि हरियाणा सरकार किसान कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। फसल बीमा, सिंचाई, आधुनिक कृषि तकनीक, न्यूनतम समर्थन मूल्य और किसान हित से जुड़े प्रत्येक विषय पर सरकार पूरी गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उनकी आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सरकार भविष्य में भी किसानों के हितों की रक्षा करते हुए उनके हर न्यायोचित अधिकार को सुनिश्चित करेगी और प्रदेश का किसान इसी प्रकार विकास एवं समृद्धि की नई ऊंचाइयों तक पहुंचेगा।