{"vars":{"id": "123258:4912"}}

फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों की हड़ताल लगातार 19वे दिन भी जारी, विधायकों को सौंपे ज्ञापन
 

दमकल कर्मियों की मांगों को अनसुना कर रही है सरकार, 27 से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू : अजय कुमार श्योराण
 
 

भिवानी, 26 अप्रैल : हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर लगातार 8 अप्रैल से जारी राज्यव्यापी हड़ताल 19वे दिन में प्रवेश कर गई। भिवानी दमकल केंद्र पर चल रहे धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान अजय श्योराण ने की व संचालन सचिव नरेंद्र कुमार ने किया। इस अवसर पर धरने को संबोधित करते हुए नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रदेश सचिव पुरुषोत्तम दानव ने सरकार को चेतावनी दी यदि सरकार ने समय रहते फायर कर्मचारियों की मांगों का समाधान नहीं किया तो नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा भी 27 व 28 अप्रैल को फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों के साथ क्रमिक भूख हड़ताल करेगा और एक व दो मई को नगर पालिका के कर्मचारी भी काम बंद हड़ताल करेंगे। जिसकी जि़म्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी। इस मौके पर पर सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के जिला प्रधान सुमेर सिंह आर्य, भिवानी ब्लॉक के प्रधान अशोक कुमार गोयत, बवानीखेड़ा के प्रधान चांदराम, सुशील कुमार, लोहारू ब्लॉक के प्रधान सुरेश भारद्वाज, नरेंद्र सिंह, उमेश राठी अभिषेक, नवीन कुमार, पटवार एवं क़ानूनगो एसोसिएशन के जिला प्रधान सुमेर सिंह, विक्रांत व हरिकेश ने धरने को सम्बोधित किया ।


   कर्मचारी नेताओं ने सरकार पर मांगों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया। राज्य कमेटी के निर्णय अनुसार 22 अप्रैल से 25 अप्रैल तक विधायकों और मंत्रियों को ज्ञापन दिए जाने के तहत बवानीखेड़ा के विधायक कपूर वाल्मीकि, दादरी के विधायक सुनील सांगवान, बाढड़ा के विधायक उमेद पातुवास, लोहारू के विधायक राजबीर फरटिया को प्रदर्शन करते हुए ज्ञापन सौंपा गया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र ही मांगों का समाधान नहीं किया तो फायर व नगर पालिका के कर्मचारी 27 अप्रैल से क्रमिक भूख हड़ताल शुरू करेंगे।


     गौरतलब होगा कि फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान जान गवाने वाले कच्चे कर्मचारियों भवी चंद शर्मा और रणवीर सिंह को शहीद का दर्जा देने, आश्रितों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने, भविष्य के लिए स्थाई सुरक्षा नीति, रैगुलर कर्मचारियों को ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी में राहत प्रदान करने व कच्चे कर्मचारियों को फायर ऑपरेटर पदो पर समायोजित करने, जोखिम भत्ता देने, वर्दी भत्ता देने आदि प्रमुख मांगों पर सरकार अभी तक कोई ठोस निर्णय नहीं ले पाई है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्दी समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


      सर्व कर्मचारी संघ द्वारा भी इस आंदोलन को समर्थन दिया जा रहा है। किसान संगठनों, छात्र संगठनों, मजदूर यूनियन व राजनैतिक संगठनों द्वारा भी इस आंदोलन को समर्थन दिया जा रहा। इधर भीषण गर्मी के चलते प्रदेश में आगजनी की घटनाएँ लगातार बढ़ रही है। ऐसे में दमकल क्रमियो की हड़ताल से आपात सेवाये प्रभावित  होने की आशंका गहराने लगी है जिससे आमजन की जान माल को खतरा बढ़ सकता है।