Bhiwani News 2026: जमालपुर में हरियाणा ग्रामीण बैंक ने लगाया वित्तीय जागरूकता शिविर, किसानों को दी केसीसी और ट्रैक्टर ऋण की जानकारी
जमालपुर में हरियाणा ग्रामीण बैंक ने लगाया वित्तीय जागरूकता शिविर
किसानों को केसीसी, ट्रैक्टर व डेयरी ऋण योजनाओं की दी जानकारी
नुक्कड़ नाटक से साइबर ठगी के प्रति किया जागरूक
भिवानी, 18 नवंबर। हरियाणा ग्रामीण बैंक द्वारा बुधवार को गांव जमालपुर में कृषि क्षेत्र को बढ़ावा देने और वित्तीय समावेशन के उद्देश्य से एग्री आउटरीच एवं वित्तीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बैंक के महाप्रबंधक उपेन्द्र कुमार और क्षेत्रीय प्रबंधक संजीव राणा ने किसानों एवं ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड , पीकेसीसी कॉम्बो, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड , ट्रैक्टर ऋण, डेयरी ऋण, स्वयं सहायता समूह ऋण तथा ऋण अदला-बदली सहित विभिन्न ऋण सुविधाओं की जानकारी दी।
बैंक अधिकारियों ने ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं का अधिकाधिक लाभ उठाने, खातों का उचित संचालन करने तथा कृषि ऋण के माध्यम से अपनी आर्थिक गतिविधियों को मजबूत बनाने के लिए जागरूक किया।
इस दौरान सीएफएल सेंटर की वित्तीय सलाहकार स्वीटी शर्मा के नेतृत्व में टीम ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से साइबर धोखाधड़ी के तरीकों और उनसे बचाव के उपायों की जानकारी दी। ग्रामीणों को बैंकिंग गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने और सुरक्षित डिजिटल बैंकिंग अपनाने का संदेश दिया गया। वहीं, नजदीकी विद्यालय के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को आकर्षक बनाया।
इस अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय से मनजीत कुमार, साहिल छाबड़ा, अमित कौशिक, राकेश कुमार, प्रवेश मेहला, आकाश कुमारी, अंजलि सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारियों के अलावा मार्केटिंग कमेटी भिवानी के चेयरमैन कृष्ण लाल यादव, सरपंच भूप सिंह तथा जमालपुर शाखा प्रबंधक राजेश कुमार भी उपस्थित रहे।