{"vars":{"id": "123258:4912"}}

कल जारी होगी HTET की प्रोविजनल आंसर-की, अभ्यर्थी दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
 

HTET लेवल-1 और लेवल-2 की परीक्षा आज, 1.60 लाख से अधिक अभ्यर्थी देंगे एग्जाम
 

प्रदेश के 383 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच आयोजित हो रही HTET परीक्षा 

1,19,141 अभ्यर्थी लेवल-2 और 41,062 अभ्यर्थी लेवल-1 की परीक्षा में शामिल

रेवाड़ी पेपर आउट नहीं, सीटिंग प्लान में मिस कम्युनिकेशन था: शंकर धूपड़

रेवाड़ी में एक घंटे की देरी पर बोर्ड अध्यक्ष ने दी पूरी सफाई, जांच जारी

बोर्ड कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों पर रखी जा रही लाइव निगरानी

अफवाहों से रहें दूर, शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा दें: बोर्ड अध्यक्ष की अपील

HTET परीक्षा में पारदर्शिता के लिए बोर्ड की विशेष मॉनिटरिंग व्यवस्था

'यह सिर्फ ज्ञान नहीं, धैर्य की भी परीक्षा है'— HTET अभ्यर्थियों से बोर्ड अध्यक्ष शंकर धूपड़ की अपील

Bhiwani Halchal 05 June 2026 : 
 हरियाणा में आज HTET लेवल-2 और लेवल-1 की परीक्षा आयोजित की जा रही है। प्रदेशभर के सैकड़ों परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षाएं हो रही हैं। इस बीच रेवाड़ी में कल परीक्षा देरी से शुरू होने और पेपर आउट की अफवाह पर हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर धूपड़ ने बड़ा बयान दिया है।

प्रदेशभर में आज आयोजित हो रही HTET परीक्षा में सुबह की लेवल-2 परीक्षा में 1 लाख 19 हजार 141 परीक्षार्थी शामिल हो रहे हैं, जबकि लेवल-1 परीक्षा में 41 हजार 62 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने दोनों परीक्षाओं के लिए व्यापक सुरक्षा और निगरानी के इंतजाम किए हैं।

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष शंकर धूपड़ ने बताया कि प्रदेशभर के 383 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाएं आयोजित की जा रही हैं। बोर्ड के कंट्रोल रूम से सभी परीक्षा केंद्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

रेवाड़ी में परीक्षा एक घंटे देरी से शुरू होने और पेपर आउट की अफवाह पर भी बोर्ड अध्यक्ष ने स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने बताया कि एक प्रश्नपत्र के पैकेट में 20 पेपर थे, जबकि संबंधित कक्षा में 24 परीक्षार्थियों की सीटिंग थी। सीटिंग प्लान में हुई तकनीकी समस्या और मिस कम्युनिकेशन के कारण भ्रम की स्थिति बनी, जिसके बाद कुछ लोगों ने पेपर आउट की अफवाह फैला दी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शंकर धूपड़ ने परीक्षार्थियों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी परीक्षा दें। उन्होंने कहा कि यह केवल ज्ञान की ही नहीं बल्कि धैर्य की भी परीक्षा है। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि कल हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड HTET की प्रोविजनल आंसर-की अपनी वेबसाइट पर अपलोड करेगा। यदि किसी परीक्षार्थी को किसी प्रश्न या उत्तर पर आपत्ति होगी तो वह निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी आपत्ति दर्ज करा सकेगा।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा पूरी पारदर्शिता के साथ कराई जा रही है और किसी भी अफवाह पर विश्वास न करते हुए केवल बोर्ड की आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें। वहीं रेवाड़ी मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।