{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana JBT Teacher Transfer News: जेबीटी अध्यापिकाओं ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा को बांधी राखी, मांगा अंतर-जिला तबादले का उपहार

जेबीटी अध्यापिकाओं ने शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा को राखी बांधकर अंतर-जिला तबादला (Inter-District Transfer) की मांग की।
 

जेबीटी अध्यापिकाओं ने शिक्षा मंत्री को रक्षा सूत्र बांध मांगा अंतर-जिला तबादला का उपहार

पहले जेबीटी का अंतर जिला तबादला फिर जेबीटी का मॉडल स्कूल ड्राइव शुरू हो : जेबीटी अध्यापिकाएं

तबादला प्रक्रिया में तकनीकी पेच फंसने से दुविधा में जेबीटी शिक्षक : जेबीटी अध्यापिकाएं


भिवानी, 25 अगस्त : रक्षाबंधन के पर्व के उपलक्ष्य में प्राथमिक विद्यालय की महिला जेबीटी अध्यापिकाओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा से मुलाकात की। इस दौरान शिक्षिकाओं ने शिक्षा मंत्री को राखी बांधी और उनसे उपहार स्वरूप लंबे समय से प्रतीक्षित अंतर-जिला तबादला करवाने की मांग रखी। मुलाकात के दौरान अध्यापिका कुसुम ने विभाग की हालिया तबादला प्रक्रिया को लेकर अपनी समस्याएं और तकनीकी पेच सामने रखे। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा हाल ही में ट्रांसफर ड्राइव चलाया जा रहा है, जिसमें प्रिंसिपल, हेडमास्टर, पीजीटी, टीजीटी और जेबीटी अध्यापकों का मॉडल स्कूल ट्रांसफर ड्राइव एक साथ चलाए जाने की संभावना है। हमारी प्रमुख चिंता यह है कि यदि जेबीटी अध्यापकों के अंतर-जिला तबादले से पहले जेबीटी मॉडल स्कूल ट्रांसफर ड्राइव चला दी गई, तो अध्यापकों के सामने बड़ी दुविधा खड़ी हो जाएगी। अध्यापिका कुसुम ने विस्तार से समझाया कि यदि पहले मॉडल स्कूल ड्राइव चलाई जाती है तो शिक्षकों को केवल उसी जिले में स्कूल चुनने का अवसर मिलेगा जहां वे वर्तमान में कार्यरत हैं।

ऐसे में यदि बाद में अंतर-जिला तबादला किया भी गया तो शिक्षकों को मॉडल स्कूल ट्रांसफर ड्राइव का पूर्ण लाभ नहीं मिल पाएगा। इसलिए जेबीटी अंतर-जिला तबादला प्रक्रिया को पहले पूरा किया जाना बेहद जरूरी है। शिक्षिकाओं की मांग और चिंताओं को ध्यानपूर्वक सुनने के बाद शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने उन्हें सकारात्मक कार्रवाई का पूर्ण आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार सभी शिक्षकों के हितों की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रयासरत और प्रतिबद्ध है। शिक्षकों की इस तकनीकी समस्या का संज्ञान लिया गया है और इसका तुरंत समाधान कराया जाएगा ताकि किसी भी अध्यापक के साथ अन्याय न हो। इस अवसर पर शिक्षा मंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से कुसुम, गगनदीप, वेस्पा, सीमा, डिंपल, बबीता, रेखा सहित अध्यापिकाएं उपस्थित रहीं। सभी ने उम्मीद जताई कि सरकार जल्द ही तबादला नीति में आवश्यक सुधार कर उन्हें गृह जिलों में जाने की सौगात देगी।