हरियाणा में मानसून सक्रिय: 14 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
हरियाणा के कई जिलों में झमाझम बारिश से गर्मी से राहत, IMD ने 14 जिलों में भारी बारिश का येलो/रेड अलर्ट जारी किया। तापमान में आई भारी गिरावट।
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है. सोमवार रात से फरीदाबाद, पानीपत, सिरसा, गुरुग्राम, रेवाड़ी और हिसार में लगातार बारिश हो रही है. वहीं फतेहाबाद, सोनीपत और यमुनानगर सहित कई जिलों में भी बारिश दर्ज की गई. बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है, लेकिन सिरसा और फरीदाबाद जैसे शहरों में जलभराव के कारण लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ रहा है.
14 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट: IMD ने मंगलवार सुबह जारी ताजा अलर्ट में अगले कुछ घंटों के दौरान यमुनानगर, अंबाला, पंचकूला, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, सोनीपत, कैथल, जींद, फतेहाबाद, हिसार, हांसी, भिवानी और सिरसा में तेज बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार 22 जुलाई को मानसून सबसे अधिक सक्रिय रहेगा, जबकि 23 जुलाई तक अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की उम्मीद है.
48 से 72 घंटे तक रहेगा असर: मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक मानसूनी टर्फ सामान्य स्थिति के आसपास बनी हुई है. इसके साथ ही पंजाब और आसपास के क्षेत्रों के निचले क्षोभ मंडल में सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी मिल रही है. यही वजह है कि अगले 48 से 72 घंटों तक हरियाणा के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की संभावना बनी हुई है. 24 से 26 जुलाई के बीच बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने के संकेत हैं.
इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश: पिछले 24 घंटों के दौरान कैथल के कौल क्षेत्र में सबसे अधिक 39.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके बाद करनाल में 27.2 मिमी, रोहतक में 22.8 मिमी, चरखी दादरी में 20.5 मिमी और भिवानी में 10 मिमी बारिश दर्ज हुई. इसके अलावा जींद, पलवल, नूंह और सोनीपत के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया.
तापमान में आई गिरावट: बारिश और बादलों के असर से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 4.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. दिन का तापमान सामान्य से 2.4 डिग्री नीचे पहुंच गया. हालांकि सिरसा 37.9 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि हिसार में 35.4 और नारनौल में 35.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. रात के तापमान में भी हल्की गिरावट देखने को मिली. भिवानी में न्यूनतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सिरसा में रात का तापमान 31.4 डिग्री सेल्सियस रहा.