{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में मानसून कमजोर: सामान्य से 24% कम बारिश, जानें हाल

हरियाणा में मानसून की शुरुआत कमजोर रही, सामान्य से 24% कम बारिश दर्ज की गई। सिरसा में सबसे कम तो यमुनानगर में हुई सबसे अधिक बारिश। पढ़ें वेदर अपडेट।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून सीजन की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही. मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 16 जुलाई तक प्रदेश में सामान्य से 24 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. इस अवधि में जहां 129.9 मिमी वर्षा होनी चाहिए थी, वहां केवल 98.1 मिमी बारिश रिकॉर्ड हुई. बारिश की कमी का असर खासकर दक्षिणी और पश्चिमी हरियाणा के जिलों में साफ दिखाई दे रहा है.

उत्तर के जिलों में बेहतर बारिश: प्रदेश के उत्तरी जिलों में मानसून अपेक्षाकृत सक्रिय रहा. यमुनानगर में सबसे अधिक 202.8 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि कुरुक्षेत्र में 161.1 मिमी वर्षा हुई, जो सामान्य से 22 प्रतिशत अधिक है. इसके विपरीत सिरसा में केवल 27.5 मिमी बारिश दर्ज हुई, जो सामान्य से 65 प्रतिशत कम है. रोहतक, पानीपत, गुरुग्राम और जींद जैसे जिलों में भी बारिश सामान्य से काफी कम रही.

एक सप्ताह में और कमजोर पड़ा मानसून: IMD की मानें तो 9 जुलाई से 16 जुलाई के बीच मानसून की रफ्तार और धीमी हो गई. इस दौरान प्रदेश में सामान्य 40.7 मिमी के मुकाबले केवल 25.9 मिमी बारिश हुई, यानी 36 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई. यमुनानगर में 118.1 मिमी, कुरुक्षेत्र में 91.6 मिमी, पंचकूला में 73.1 मिमी और करनाल में 70.8 मिमी बारिश हुई. वहीं रोहतक में महज 0.5 मिमी, पानीपत में 3.4 मिमी और गुरुग्राम में 4.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.

आज भी हल्की बारिश की संभावना: मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश की संभावना बनी हुई है. अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में कुछ स्थानों पर हल्की फुहारें पड़ सकती हैं. वहीं मध्य और दक्षिणी हरियाणा में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है.

करनाल सबसे गर्म, भिवानी सबसे ठंडा: प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, हालांकि तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. करनाल 35.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा. अंबाला में 34.8, रोहतक और चंडीगढ़ में 34.2 तथा सोनीपत में 33.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. दूसरी ओर न्यूनतम तापमान के मामले में भिवानी 23 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा स्थान रहा, जबकि नारनौल में 23.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया.