{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में मानसून सक्रिय: 13 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

हरियाणा में मानसून की भारी बारिश जारी। मौसम विभाग ने 13 जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तापमान में भी आई भारी गिरावट।

 

चंडीगढ़:हरियाणा में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में लगातार बारिश हो रही है. भारतीय मौसम विभाग ने बुधवार को भी राज्य के 13 जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना जताई है. मौसम विभाग के अनुसार, फिलहाल बारिश का यह दौर जारी रहेगा, हालांकि इसके बाद कुछ समय के लिए मानसून की गतिविधियां कमजोर पड़ सकती हैं. 27 जुलाई से मानसून के फिर सक्रिय होने के संकेत हैं.

साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन का असर: मौसम विभाग के अनुसार हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में निचले स्तर पर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. वहीं मानसून ट्रफ भी अपनी सामान्य स्थिति के करीब है और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी से उत्तर-पूर्वी अरब सागर तक फैली हुई है. इन मौसमी प्रणालियों के कारण लगातार नमी मिल रही है, जिससे प्रदेश में भारी बारिश वाले बादल बन रहे हैं और कई इलाकों में झमाझम बारिश दर्ज की जा रही है.

इन 13 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी: आईएमडी ने पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम और फरीदाबाद में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है. मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है.

सात राज्यों से गुजर रही मानसून ट्रफ: मानसून ट्रफ इस समय गुजरात, राजस्थान, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा और बंगाल की खाड़ी से जुड़े क्षेत्रों तक फैली हुई है. हरियाणा के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण इस ट्रफ का प्रभाव और मजबूत हुआ है. यही वजह है कि प्रदेश में लगातार बारिश की गतिविधियां देखने को मिल रही हैं और कई स्थानों पर अच्छी वर्षा दर्ज की गई है.

बारिश से तापमान में आई गिरावट: लगातार बारिश के चलते हरियाणा में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है. प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा. सबसे अधिक अधिकतम तापमान यमुनानगर में 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं हिसार में 31.3, रोहतक में 31.6, अंबाला में 32.5 और गुरुग्राम में 30.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

गुरुग्राम में सबसे अधिक ठंडी रही रात: रात के तापमान में भी गिरावट देखने को मिली. प्रदेश का औसतन न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया. गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 7.9 डिग्री कम है. इसके अलावा अंबाला में 24.1, करनाल में 24.5, रोहतक में 26.2 और भिवानी में 23.5 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया. मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 जुलाई से मानसून दोबारा जोर पकड़ सकता है और बारिश की गतिविधियां फिर बढ़ सकती हैं.