{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में मानसून सक्रिय: कहीं झमाझम बारिश, तो कहीं गर्मी का सितम

हरियाणा में मानसून की सक्रियता, यमुनानगर-करनाल के लिए यलो अलर्ट जारी। जानें किस जिले में हुई सबसे अधिक बारिश और कहां अभी भी है गर्मी का असर।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. शुक्रवार सुबह पानीपत, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली. कुरुक्षेत्र में सुबह से बादल छाए रहे, जबकि कई अन्य जिलों में भी मौसम सुहावना बना रहा. भारतीय मौसम विभाग ने यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, कई जिलों में जलजमाव के कारण आवाजाही प्रभावित हो रही है.

उत्तर-पूर्वी जिलों में बारिश के आसार: मौसम विभाग के अनुसार अंबाला, पंचकूला और आसपास के उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. वहीं पश्चिमी हरियाणा के सिरसा और फतेहाबाद में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रहने का अनुमान है. विभाग ने लोगों को मौसम अपडेट पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है.

फरीदाबाद सबसे ज्यादा भीगा, सिरसा सबसे सूखा: हरियाणा में 3 जुलाई से 9 जुलाई के बीच औसतन 27.7 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि सामान्य तौर पर इस अवधि में 31 मिलीमीटर वर्षा होती है. यानी इस सप्ताह प्रदेश में सामान्य से करीब 12 प्रतिशत कम बारिश हुई. हालांकि जिला स्तर पर स्थिति अलग रही. फरीदाबाद में सामान्य से 207 प्रतिशत अधिक 92.3 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि गुरुग्राम में 87.2 मिलीमीटर वर्षा हुई, जो सामान्य से 147 प्रतिशत अधिक है. दूसरी ओर सिरसा में केवल 0.3 मिलीमीटर और फतेहाबाद में 1.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई.

बारिश से तापमान में आई गिरावट: बारिश का असर प्रदेश के तापमान पर भी साफ दिखाई दिया. पिछले 24 घंटों में सिरसा का अधिकतम तापमान 39.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा. वहीं हिसार में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा. दूसरी ओर करनाल में बारिश के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 7.1 डिग्री नीचे 27.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 6 डिग्री कम है. मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आगामी दिनों में मानसून की सक्रियता बनी रहने से कई जिलों में बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है.