{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Weather Forecast Haryana: हिसार रहा सबसे गर्म जिला, तापमान पहुंचा 38 डिग्री पार; जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट

हरियाणा में मानसून की रफ्तार हुई धीमी। गर्मी और तापमान में बढ़ोतरी की संभावना, 12 सितंबर तक परिवर्तनशील रहेगा मौसम।
 

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की रफ्तार अब धीमी पड़ गई है और कई इलाकों में बारिश का दौर थम गया है. मौसम विभाग के अनुसार 8 सितंबर से प्रदेश में मानसून की सक्रियता कम होने की संभावना है. आने वाले दिनों में बारिश की बजाय गर्मी का असर बढ़ सकता है.

12 सितंबर तक बदलता रहेगा मौसम: मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 12 सितंबर तक हरियाणा में मौसम आमतौर पर परिवर्तनशील बना रहेगा. इस दौरान कहीं-कहीं आंशिक बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन व्यापक बारिश की संभावना कम है. पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से दिन के तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है. पिछले 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 2.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है. पश्चिमी हवाओं के चलते गर्मी का असर बढ़ने लगा है और कई जिलों में तापमान सामान्य से ऊपर पहुंच गया है.

हिसार सबसे गर्म: प्रदेश में हिसार सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. यह सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है. वहीं भिवानी में 36.5 डिग्री, चरखी दादरी में 36.3 डिग्री, सिरसा में 35.9 डिग्री और फरीदाबाद व पलवल में 35.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट: प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में हालांकि 0.2 डिग्री सेल्सियस की मामूली गिरावट दर्ज की गई. सबसे कम न्यूनतम तापमान रेवाड़ी के बावल में 22.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. दिन में गर्मी बढ़ने के बावजूद सुबह और रात के तापमान में फिलहाल ज्यादा बदलाव देखने को नहीं मिला है.

कम दबाव के क्षेत्र से कमजोर हुई मानसूनी गतिविधियां: मौसम विभाग के अनुसार मानसूनी टर्फ रेखा की स्थिति और उत्तर प्रदेश के ऊपर बने कम दबाव के क्षेत्र का असर हरियाणा के मौसम पर पड़ रहा है. इसके कारण प्रदेश में मानसून की गतिविधियां कमजोर हो गई हैं और व्यापक बारिश की संभावना कम हो गई है. मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ ने कहा कि, "8 सितंबर से हरियाणा में मानसून की सक्रियता कम होने की संभावना है. 12 सितंबर तक मौसम परिवर्तनशील रहेगा और बीच-बीच में आंशिक बादल छा सकते हैं. पश्चिमी हवाएं चलने से तापमान में बढ़ोतरी होगी. प्रदेश में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन फिलहाल व्यापक बारिश की संभावना नहीं है. ऐसे में अगले कुछ दिनों तक हरियाणा के लोगों को दिन में बढ़ती गर्मी का सामना करना पड़ सकता है, जबकि मानसून की सक्रियता कमजोर बनी रहने के आसार हैं."