Weather Forecast Haryana: गुरुग्राम रहा सबसे प्रदेश में गर्म, पंचकूला और बावल में लुढ़का पारा, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा के अधिकांश जिलों से मानसून की विदाई। रात के तापमान में गिरावट के साथ ठंडक शुरू, 28 सितंबर को बारिश के आसार।
चंडीगढ़: हरियाणा में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई प्रक्रिया लगभग पूरी हो गई है. मौसम विभाग के अनुसार यमुनानगर के कुछ हिस्सों को छोड़कर प्रदेश के करीब 21 जिलों से मानसून लौट चुका है. इसके साथ ही मौसम का मिजाज भी बदलने लगा है.
पड़ोसी राज्यों से भी मानसून वापस: हरियाणा के साथ पंजाब के करीब 92 प्रतिशत हिस्से से भी मानसून की विदाई हो चुकी है. राजस्थान, गुजरात और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों से भी मानसून लौट गया है. अब उत्तर भारत में धीरे-धीरे शुष्क मौसम का असर बढ़ रहा है.
दिन में धूप, रात में ठंडक: मानसून की विदाई के बाद दिन में धूप की तल्खी बनी हुई है, जबकि रात के तापमान में गिरावट शुरू हो गई है. बुधवार को हरियाणा का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा. वहीं औसत न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई.
गुरुग्राम सबसे गर्म रहा: प्रदेश में सबसे अधिक तापमान गुरुग्राम में 38.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. ज्यादातर जिलों में दिन का तापमान 33 से 37 डिग्री के बीच रहा. मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री के आसपास रह सकता है.
पंचकूला और बावल में रात सबसे ठंडी: रात के तापमान में गिरावट के साथ गुलाबी ठंड का अहसास शुरू हो गया है. रेवाड़ी के बावल और पंचकूला में न्यूनतम तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. गुरुग्राम और महेंद्रगढ़ में रात का पारा 21.1 डिग्री रहा.
26-27 सितंबर को बादल छाएंगे: अगले दो से तीन दिनों तक हरियाणा में मौसम मुख्य रूप से साफ और शुष्क रहने की संभावना है. हालांकि 26 और 27 सितंबर को कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाने के साथ हल्की बूंदाबांदी हो सकती है. वहीं, 28 सितंबर को एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है. इसके प्रभाव से हरियाणा के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है. इस दौरान बादल छाने और तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है.
रातों में और बढ़ेगी ठंडक: मौसम विशेषज्ञों के अनुसार उत्तरी और पश्चिमी हवाओं के असर से आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट हो सकती है. इससे रात के समय ठंडक बढ़ेगी, जबकि दिन में धूप के कारण गर्मी बनी रहने की संभावना है.