- मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के पंजीकरण के लिए 30 अप्रैल तक बढ़ाई अंतिम तिथि
- कुरूक्षेत्र से मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी हरी झंडी दिखाकर करेंगे स्पेशल ट्रेन को रवाना
भिवानी, 23 अप्रैल। प्रदेश सरकार द्वारा मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के अंतर्गत श्रद्धालुओं के लिए श्री नांदेड़ साहिब की विशेष तीर्थ यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। तीर्थ यात्रा के लिए दो विशेष रेल गाडिय़ां श्री नांदेड़ साहिब के लिए जाएंगी। इनमें से एक स्पेशल ट्रेन श्री हजूर साहिब के लिए पांच मई को श्रद्धालुओं को लेकर कुरुक्षेत्र से रवाना होगी। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी पांच मई को कुरुक्षेत्र से ट्रेन को झंडी दिखाकर नांदेड़ के लिए रवाना करेंगे। यात्रा के लिए इच्छुक वरिष्ठ नागरिक 30 अप्रैल तक पंजीकरण कर सकते हैं।
जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सुरेंद्र सिंगल ने जानकारी देते हुए बताया कि योजना के तहत वरिष्ठ नागरिकों के लिए यह यात्रा पूर्णत: नि:शुल्क रखी गई है। उन्होंने इच्छुक नागरिकों से समय रहते सरल हरियाणा पोर्टल पर पंजीकरण करवाकर इस धार्मिक यात्रा का लाभ उठाए जाने की अपील की है। यात्रा का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सम्मान पूर्वक धार्मिक स्थलों के दर्शन करवाना और उनकी आस्था को सशक्त बनाना है। इस योजना का लाभ पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर है।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ की नि:शुल्क यात्रा के लिए 60 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ नागरिक जिनकी पारिवारिक आय 1.80 रुपए लाख से कम है, वे 30 अप्रैल तक सरल हरियाणा पोर्टल पर पंजीकरण करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण करवाने के बाद भिवानी के लघु सचिवालय स्थित जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी कार्यालय के कमरा नंबर सात में अवश्य सूचित करें।
****** *****