चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप की प्रदेश स्तरीय नशा मुक्ति यात्रा का हुआ समापन
युवाओं को नशे गिरफ्त से बाहर निकाल देश की तरक्की में उनका योगदान सुनिश्चित करना था यात्रा का उद्देश्य : सागर सज्जन सिंह
भिवानी, 17 अप्रैल : हरियाणा को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालने और युवाओं को जागरूक करने के संकल्प के साथ चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप द हरियाणा राज्य भारत स्काउट एंड गाइडस जिला भिवानी द्वारा निकाली गई प्रदेश स्तरीय नशा मुक्ति जन जागरूकता साइकिल रैली का शुक्रवार को मुख्यमंत्री निवास संत कबीर कुटीर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खुद अभियान के प्रतिभागियों की अगवानी की और उनके जज्बे को सलाम किया। इस दौरान नोडल अधिकारी कम असिस्टेंट गु्रप लीडर अमित कुमार व लीडर ट्रेनर नितेश कुमार ने मुख्यमंत्री को स्कार्फ वोगल पहनाकर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री निवास पर पहुंचे 35 स्काउट रोवर्स और रेंजर्स को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशा मुक्ति की यह मुहिम केवल एक रैली नहीं, बल्कि स्वस्थ और विकसित हरियाणा की नींव है। उन्होंने घोषणा की कि इस अभियान में भाग लेने वाले सभी जांबाज युवाओं के लिए जल्द ही एक विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा, जहां उन्हें राज्य सरकार की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आप जैसे युवा ही हरियाणा की असली शक्ति हैं।
नशा मुक्ति के इस संदेश को प्रदेश के कोने-कोने तक पहुँचाने के लिए आपका समर्पण अनुकरणीय है। उल्लेखनीय है कि इस राज्य स्तरीय रैली का विमोचन और शुभारंभ मुख्यमंत्री द्वारा 17 मार्च 2026 को किया गया था। मुख्यमंत्री ने स्वयं नशा मुक्त प्रदेश के संदेश पत्र पर हस्ताक्षर कर और हरी झंडी दिखाकर इस मुहिम को रवाना किया था। अंबाला और पंचकूला से होते हुए यह रैली नॉनस्टॉप हरियाणा, स्वच्छ हरियाणा, शिक्षित और विकसित हरियाणा' का नारा बुलंद करते हुए मुख्यमंत्री आवास पहुंची। यह पूरा अभियान चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप द्वारा सफलतापूर्वक संचालित किया गया। इस मौके पर गु्रप लीडर सागर सज्जन सिंह ने कहा कि चंद्रशेखर आजाद ओपन का उद्देश्य युवा पीढ़ी को नशे की गिरफ्त से बाहर निकालना है, ताकि वे अपनी ऊर्जा को देश की तरक्की एवं उन्नति की दिशा में लगा सकें। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की सफलता के पीछे एक मजबूत संगठनात्मक ढांचा रहा। जिसमें गु्रप लीडर सागर सज्जन सिंह और ग्रुप कोऑर्डिनेटर लक्ष्मण कुमार का मार्गदर्शन रहा। नोडल अधिकारी अमित कुमार, डिप्टी नोडल अधिकारी नीतीश कुमार और हिमांशु भाटी का प्रबंधन रहा तथा मीडिया एवं रूट चार्ट मीडिया कोऑर्डिनेटर सुनील वर्मा, डिप्टी मीडिया कोऑर्डिनेटर पुनीत व विजय अहिरवार। गाइड्स और रेंजर्स का नेतृत्व कैप्टन पुष्पा देवी ने किया। उन्होंने चंद्रशेखर आजाद ओपन गु्रप के चंडीगढ़ मुख्यालय का आभार जताया, जिसके आदेशों पर प्रदेश के सभी जिलों ने इस अभियान में बढ़-चढक़र भागीदारी निभाई। समापन समारोह के दौरान सीनियर रोवर विवेक, विनय, राहुल, बैंड मास्टर विजय अहिरवार, भारत, माहिर, रिंकू, देवेश और हर्षित सहित सभी प्रतिभागियों के चेहरे पर लक्ष्य प्राप्ति की खुशी साफ झलक रही थी। मुख्यमंत्री ने सभी को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक बुराइयों के खिलाफ डटे रहने का आह्वान किया।