{"vars":{"id": "123258:4912"}}

BSEH Open School Exam March 2027: हरियाणा मुक्त विद्यालय परीक्षा के लिए आवेदन शुरू, बोर्ड वेबसाइट पर करें अप्लाई

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने मुक्त विद्यालय के अध्ययन केन्द्रों के लिए जारी किए निर्देश। मार्च 2027 परीक्षा के आवेदन शुरू।
 

शिक्षा बोर्ड अध्यक्ष ने हरियाणा मुक्त विद्यालय से संबंधित परीक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में अध्ययन केन्द्रों के इन्चार्ज को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

भिवानी, 11 सितंबर, 2026 : किन्हीं कारणों से प्रदेश के जो बच्चे, अधिक उम्र वाले व्यक्ति किसी न किसी कारणवश अपनी नियमित पढ़ाई नहीं कर पाते हैं, ऐसे में पढ़ाई की टिस इनके मन में हमेशा रहती है। उनकी परेशानी एवं हित को देखते हुए हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने दूरस्थ शिक्षा की तर्ज पर हरियाणा राज्य में मुक्त विद्यालय  के अध्ययन केन्द्र खोले हैं। जहां हर रविवार को कक्षाएं लगेंगी यानि किसी कारणवश नियमित पढ़ाई न कर पाने वाले परीक्षार्थी भी पढ़ सकेंगे।  

हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष श्री शंकर लाल धूपड़ ने हरियाणा मुक्त विद्यालय के अधीन अध्ययन केन्द्रों के इन्चार्जों के साथ दो दिवसीय बैठक का आयोजन कर अध्ययन केन्द्रों के संचालन व अन्य महत्वपूर्ण बिन्दुओं पर विचार-विमर्श किया। इस दौरान उन्होंने पढ़ाई को मुख्य धारा में लाने व परीक्षा व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा मौके पर ही समस्याओं/शिकायतों का निवारण भी किया।

उन्होंने निर्देंश देते हुए आगे बताया कि हरियाणा मुक्त विद्यालय का पाठ्यक्रम परीक्षार्थियों तक उपलब्ध करवाने की व्यवस्था की जाए। प्रायोगिक एवं आंतरिक कार्य से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों को परीक्षा एवं आवेदन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी समय पर उपलब्ध करवाई जाए। केन्द्रों पर परीक्षार्थियों की संख्या एवं बैठने की व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएं।

इस अवसर पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि उपरोक्त कार्यों को निर्धारित नियमों एवं प्रक्रिया के अनुसार समयबद्ध रूप से पूरा किया जाए, ताकि हरियाणा मुक्त विद्यालय से संबंधित परीक्षा एवं अन्य कार्यों के संचालन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।

उन्होंने बताया कि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा मुक्त विद्यालय परीक्षा मार्च-2027 के लिए आवेदन फार्म भरने की तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं। परीक्षार्थी बोर्ड की वेबसाइट www.bseh.org.in पर दिए गए लिंक पर ऑनलाइन आवेदन करते हुए अपने अध्ययन केन्द्र का चुनाव कर सकते हैं।