{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Ration Depot Online Form: हरियाणा में 2,651 राशन डिपो के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू, महिलाओं को 33% आरक्षण

हरियाणा सरकार ने प्रदेश में खाली पड़ी 2,651 राशन दुकानों के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगे हैं। 10 नवंबर 2026 तक सरला पोर्टल से करें आवेदन, महिलाओं को 33% आरक्षण।

 

हरियाणा में उचित मूल्य की 2,651 राशन दुकानों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

आमजन राशन डिपो के लिए 10 नवंबर तक करें आवेदन

भिवानी, 13 अक्टूबर। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में खाली पड़ी 2,651 उचित मूल्य की दुकानों (राशन डिपो) के लिए डिपो लाइसेंस जारी करने हेतु ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसके लिए 10 अक्टूबर 2026 को पोर्टल का शुभारंभ किया गया। इन दुकानों के आवंटन में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किया गया है। इच्छुक एवं पात्र आवेदक 10 नवंबर 2026 तक हरियाणा अंत्योदय सरल पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

जिला खाद्य एवं पूर्ति नियंत्रक अपार तिवारी ने बताया इस पहल का उद्देश्य गरीब एवं पात्र परिवारों को राशन प्राप्त करने में होने वाली कठिनाइयों को दूर करना, विशेषकर मौजूदा राशन डिपो से दूर रहने वाले परिवारों तक खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करना तथा युवाओं के लिए स्वरोजगार के अवसर पैदा करना है। इसके साथ ही महिलाओं के सशक्तिकरण और सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया गया है।

आवेदन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता शर्तें और अन्य जानकारी खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, हरियाणा की आधिकारिक वेबसाइट हरियाणाफुड.जीओवी.इन पर उपलब्ध है। खाली राशन डिपो का जिलावार एवं गांववार विवरण भी विभागीय वेबसाइट तथा संबंधित जिला प्रशासन की वेबसाइट पर अपलोड किया गया है।

सभी इच्छुक आवेदकों को सलाह दी गई है कि वे आवेदन करने से पहले निर्धारित दिशा-निर्देशों और पात्रता शर्तों का अच्छी तरह अध्ययन कर लें तथा अंतिम तिथि 10 नवंबर 2026 से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। विभाग ने विशेष रूप से युवाओं और महिलाओं से इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है।