{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Safai Karmchari Welfare Updates: मेडिकल कॉलेज, सिविल अस्पताल और चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय का करेंगे दौरा, अधिकारियों के साथ होगी बैठक

हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भारत भूषण टाक 23 नवंबर को भिवानी आएंगे और सफाई कर्मचारियों के कल्याण व समस्याओं की समीक्षा करेंगे। पूरी खबर पढ़ें।
 

सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा के लिए 23 नवंबर को भिवानी आएंगे राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भारत भूषण टाक

मेडिकल कॉलेज, सिविल अस्पताल,  चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय आदि विभिन्न कार्यक्रमों में होंगे शामिल

भिवानी, 18 नवंबर। हरियाणा राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के उपाध्यक्ष भारत भूषण टाक 23 नवंबर को भिवानी के एक दिवसीय  दौरे पर आएंगे। इस दौरान वे जिले में सफाई कर्मचारियों एवं सीवरमैन के कल्याण, सेवा शर्तों, कार्य परिस्थितियों, वैधानिक अधिकारों और सुरक्षा प्रावधानों की समीक्षा करेंगे।

प्रस्तावित दौरा कार्यक्रम के अनुसार श्री टाक  सुबह 11:00 बजे भिवानी पहुंचेंगे। इसके बाद सुबह 11:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक वे पंडित नेकी राम शर्मा राजकीय मेडिकल कॉलेज तथा चौधरी बंसीलाल राजकीय सामान्य अस्पताल का दौरा करेंगे और वहां सफाई कर्मचारियों से संबंधित व्यवस्थाओं एवं सुविधाओं का जायजा लेंगे।

इसके पश्चात दोपहर एक बजे वे जिले के सभी ग्रामीण सफाई कर्मचारियों एवं स्वच्छता कर्मचारियों को संबोधित करेंगे। इस दौरान कर्मचारियों की समस्याओं, उनके कल्याण और कार्यस्थल पर उपलब्ध सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी। दोपहर 1:30 बजे लघु सचिवालय स्थित  कॉन्फ्रेंस हॉल में संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक करेंगे।

उसके बाद दोपहर तीन बजे चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में जाएंगे और विश्वविद्यालय एवं जिले के कॉलेजों में कार्यरत सफाई कर्मचारियों को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान कर्मचारियों की कार्य परिस्थितियों, सुविधाओं और समस्याओं के संबंध में संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेंगे।