हरियाणा सचिवालय में हड़कंप: IAS के निजी सचिव ने छठी मंजिल से कूदकर दी जान
हरियाणा सचिवालय की छठी मंजिल से कूदकर स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी गणेश दास अरोड़ा ने की आत्महत्या। विभाग बदलने के तनाव और पहले भी सुसाइड की कोशिश की बात आई सामने।
हरियाणा सचिवालय (चंडीगढ़) में बुधवार दोपहर उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक वरिष्ठ अधिकारी ने छठी मंजिल से छलांग लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली. मृतक की पहचान गणेश दास अरोड़ा के रूप में हुई है. वो 2019 कैडर के IAS अधिकारी हितेश कुमार मीणा के स्पेशल सीनियर सेक्रेटरी (विशेष निजी सचिव) के पद पर तैनात थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यह खौफनाक घटना दोपहर करीब 12:24 बजे हुई. गणेश अरोड़ा अपने ऑफिस में सामान्य रूप से काम कर रहे थे. तभी वो अचानक अपनी कुर्सी से उठे और बिना किसी को कुछ बताए सचिवालय की छठी मंजिल की बालकनी पर जा पहुंचे. इससे पहले कि वहां मौजूद सुरक्षाकर्मी या सहकर्मी कुछ समझ पाते, उन्होंने नीचे छलांग लगा दी. ऊंचाई से गिरने के कारण उन्हें गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.
विभाग बदलने से थे मानसिक तनाव में?
सूत्रों और सचिवालय के गलियारों में चर्चा है कि गणेश दास अरोड़ा पिछले कुछ समय से विभाग (ब्रांच) बदलने के कारण काफी परेशान चल रहे थे. बताया जा रहा है कि इसी मानसिक तनाव के चलते उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया. गौर करने वाली बात यह है कि वह इसी साल अक्टूबर में रिटायर होने वाले थे.
15 दिन पहले भी की थी सुसाइड की कोशिश
जांच में यह चौंकाने वाला तथ्य सामने आया है कि गणेश अरोड़ा ने करीब 15 दिन पहले भी सचिवालय की छत से कूदकर जान देने की कोशिश की थी. उस वक्त उनके साथियों और सहकर्मियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया था और समझा-बुझाकर शांत किया था. लेकिन बुधवार को वे अपनी कोशिश में सफल रहे, जिससे पूरे सचिवालय प्रशासन पर सवाल खड़े हो रहे हैं.
पुलिस कार्रवाई और पारिवारिक स्थिति
चंडीगढ़ पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सेक्टर-16 स्थित सिविल अस्पताल की मॉर्च्यूरी में रखवा दिया है. मृतक की पत्नी उमा अरोड़ा हरियाणा राजभवन (गवर्नर हाउस) में तैनात हैं. फिलहाल परिवार की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है कि क्या कार्यस्थल पर तनाव या किसी अन्य दबाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया.