{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा वेदर अलर्ट: 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, तेज आंधी-बारिश का कहर

हरियाणा में बदला मौसम! कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि से गर्मी से राहत। 10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी, 80 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं। पढ़ें अपडेट।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है. प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश, आंधी और ओलावृष्टि ने लोगों को गर्मी से राहत दी है. वहीं कई स्थानों पर तेज हवाओं के कारण पेड़ गिरने और यातायात बाधित होने की घटनाएं भी सामने आई हैं. मौसम विभाग ने शुक्रवार को राज्य के कई हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

कई जिलों में हो रही बारिश : सोनीपत में शुक्रवार सुबह तेज बारिश हुई, जिससे खेतों और निचले इलाकों में पानी भर गया. इससे पहले फतेहाबाद, सिरसा, अंबाला और यमुनानगर में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई. गुरुवार रात आए आंधी-तूफान के कारण कई जगह पेड़ टूटकर सड़कों पर गिर गए. फतेहाबाद के टोहाना क्षेत्र में सड़कें अवरुद्ध होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा.

10 जिलों में ऑरेंज अलर्ट: मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण प्रदेश में मौसम सक्रिय बना हुआ है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, सोनीपत, पानीपत, सिरसा और फतेहाबाद सहित कई जिलों में गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की संभावना है. इन क्षेत्रों में तेज हवाएं 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक की रफ्तार से चल सकती हैं.

दक्षिण और पश्चिम हरियाणा में धूलभरी आंधी का खतरा: गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रोहतक, हिसार और भिवानी समेत दक्षिणी एवं पश्चिमी जिलों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूलभरी आंधी चलने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को सावधानी बरतने और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है.

13 जून से मौसम में सुधार की संभावना: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 13 जून से मौसम में कुछ सुधार देखने को मिलेगा. हालांकि पश्चिमी और मध्य हरियाणा के करीब 15 जिलों में येलो अलर्ट जारी रहेगा. इन क्षेत्रों में हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की संभावना बनी रहेगी. 14 और 15 जून को भी सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और आसपास के इलाकों में मौसम का असर देखने को मिल सकता है.

तापमान में गिरावट से लोगों को राहत: पिछले 24 घंटों में हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. भिवानी में सर्वाधिक 45 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया, जबकि अंबाला में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. वहीं रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. अंबाला में न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे लोगों को गर्म रातों से राहत मिली है.