{"vars":{"id": "123258:4912"}}

IMD Forecast Haryana: उत्तर-पश्चिमी हवाओं के बदलने से चढ़ेगा दिन का पारा, जानें अपने जिले का तापमान

हरियाणा में बारिश का दौर थमने के बाद मौसम शुष्क होने लगा है। 5 अक्टूबर तक तापमान में उतार-चढ़ाव और हल्की ठंडक का अहसास होगा।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में बारिश का दौर थमने के बाद अब मौसम के फिर से शुष्क होने के आसार हैं. आने वाले दिनों में प्रदेश में दिन के तापमान में बढ़ोतरी, जबकि सुबह, शाम और रात के तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है.

उत्तर-पश्चिमी हवाएं बदलेंगी मिजाज: आईएमडी के अनुसार हवाओं का रुख उत्तर-पूर्वी से बदलकर उत्तर-पश्चिमी होने की संभावना है. हवाओं की दिशा बदलने से वातावरण में नमी कम होगी और मौसम में बदलाव दिखाई देगा.

5 अक्टूबर तक मुख्य रूप से शुष्क: विभाग के अनुसार 5 अक्टूबर तक मौसम परिवर्तनशील और मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं हल्के बादल छा सकते हैं. हल्की से मध्यम गति की हवाएं भी चलने की संभावना है.

दिन में बढ़ेगा तापमान: मौसम विभाग के मुताबिक अगले कुछ दिनों में दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है. धूप का असर बढ़ने से दोपहर में गर्मी महसूस होगी. मंगलवार को महेंद्रगढ़ प्रदेश में सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, दिन के तापमान में बढ़ोतरी के बीच रात के तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की संभावना है. सुबह और शाम के समय भी हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी. बारिश नहीं होने और नमी घटने से रातें अपेक्षाकृत ठंडी रह सकती हैं.

कई जिलों में 30 डिग्री से ऊपर तापमान: आईएमडी की मानें तो मंगलवार को हिसार में 34.0, सिरसा में 33.2, फरीदाबाद में 33.3, भिवानी में 32.6, चरखी दादरी में 32.5, रेवाड़ी में 32.9 और सोनीपत में 32.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ. गुरुग्राम में 31.0 और रोहतक में 30.7 डिग्री सेल्सियस रहा. नारनौल में 30.5, पलवल में 32.6 और झज्जर में 31.2 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा. वहीं अंबाला में 31.8, यमुनानगर में 30.4, पंचकूला में 30.7 और पानीपत में 31.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

किसानों के लिए मौसम अनुकूल: कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 5 अक्टूबर तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. शुष्क मौसम को देखते हुए किसानों को कृषि कार्यों की योजना बनाने की सलाह दी गई है. विभाग ने फिलहाल किसी तरह की मौसम चेतावनी जारी नहीं की है.