{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में गर्मी का सितम: 44.6°C पहुंचा पारा, जानें कब मिलेगी राहत

हरियाणा में लू का प्रकोप! रोहतक में पारा 44.6 डिग्री पहुंचा। मौसम विभाग ने दी 25, 28 और 30 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने और बूंदाबांदी की चेतावनी।

 

हिसार : हरियाणा में भीषण गर्मी अपने तीखे तेवरों से आगाज किए हुए हैं। लगातार तापमान में उफान देखने को मिल रहा है। वर्तमान परिदृश्य में हरियाणा एन.सी.आर. दिल्ली में लगातार पश्चिमी मरूस्थलीय शुष्क गर्म हवाओं का आगाज जारी है। अधिकतर स्थानों पर दिन के तापमान 40 से 44.6 डिग्री सैल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। सबसे ज्यादा गर्म दिन रोहतक का 44.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से 5.9 डिग्री सैल्सियस ज्यादा है। फरीदाबाद में 43.5, सिरसा में 43.4, हिसार में 42.9, नारनौल में 42.8, करनाल में 42.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। रात्रि तापमान 22.2 से 27.4 डिग्री सैल्सियस के बीच रहा।

आने वाले दिनों में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ होंगे सक्रिय 

हालांकि शुक्रवार रात्रि दौरान हरियाणा के पश्चिमी हिस्सों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ में मौसम में हल्का बदलाव हुआ है। आंशिक बादलवाही और कहीं-कहीं छिटपुट बूंदाबांदी की गतिविधियां देखने को मिलेगी। मौसम विशेषज्ञ डा. चन्द्र मोहन ने बताया कि गर्म और उच्च तापमान वाली हवा पानी को वाष्पित करके ऊपर उठाती है, जिससे हवा में जलवाष्प की मात्रा बढ़ती है। यह गर्म नम हवा जब वायुमंडल में ऊपर उठकर ठंडी होती है, तो जलवाष्प छोटी बूंदों में संघनित होकर बादलों का निर्माण करती है और छिटपुट बूंदाबांदी हो सकती है। आने वाले दिनों में एक के बाद एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे।

मौसम में दिखेगा बदलाव

पहला 25 अप्रैल, दूसरा 28 अप्रैल, तीसरा 30 अप्रैल होने से अंतिम दिनों लगातार मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। बीच-बीच में बादलों की आवाजाही और तेज गति की हवाओं आंधी अंधड़ और हल्की बारिश बूंदाबांदी की गतिविधियों की सम्भावना बन रही है। परन्तु इस दौरान बार-बार मौसम में बदलाव रहेगा परन्तु तापमान में उफान जारी रहेगा। आज हरियाणा एनसीआर दिल्ली में अधिकतर स्थानों पर दिन और रात के तापमान सामान्य से अधिक बने हुए हैं।