{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में हीट वेव का यलो अलर्ट: 42°C के पार पहुंचा पारा, जानें कब मिलेगी राहत

हरियाणा में गर्मी का सितम! मौसम विभाग ने 24 अप्रैल तक जारी किया हीट वेव का यलो अलर्ट। नारनौल में पारा 42°C के पार। जानें 26 अप्रैल से होने वाले मौसम बदलाव के बारे में।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में अप्रैल के महीने में ही गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं. मौसम विभाग ने 20 से 24 अप्रैल तक प्रदेश में हीट वेव को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है. लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को प्रभावित करना शुरू कर दिया है, जिससे दोपहर के समय बाहर निकलना मुश्किल हो गया है.

तापमान पहुंचा 42°C के पार: राज्य का अधिकतम तापमान सोमवार को 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो सामान्य से काफी अधिक है. नारनौल 42.0°C के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि रोहतक में 41.6°C और सिरसा में 40.6°C तापमान दर्ज किया गया. विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है.

दिन में लू का दिख रहा असर: मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में लू का असर अधिक देखने को मिलेगा. खासकर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच तेज गर्म हवाएं लोगों को झुलसाएंगी. रोहतक और करनाल जैसे शहरों में पहले ही हीटवेव की स्थिति दर्ज की जा चुकी है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी जोखिम भी बढ़ रहे हैं.

गर्म हो रही रातें: केवल दिन ही नहीं, अब रातें भी गर्म होने लगी हैं. प्रदेश में औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2°C अधिक दर्ज किया गया. रोहतक में रात का तापमान 26°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा है. नारनौल में भी न्यूनतम तापमान 25.7°C दर्ज हुआ, जिससे लोगों को रात में भी राहत नहीं मिल रही.

मौसम रहेगा शुष्क:कृषि मौसम विज्ञान विभाग, हिसार के अनुसार 25 अप्रैल तक मौसम शुष्क और गर्म बना रहेगा. इस दौरान तापमान में लगातार बढ़ोतरी होने की संभावना है. विशेषज्ञों का कहना है कि दिन के तापमान में तो उछाल आएगा, लेकिन रात के तापमान में बहुत अधिक बदलाव की संभावना कम है.

26 अप्रैल से राहत की उम्मीद:राहत वाली बात यह है कि 26 अप्रैल से एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है. इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव आएगा और कुछ स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हो सकती है. इससे तापमान में गिरावट आने और लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.