{"vars":{"id": "123258:4912"}}

IMD Rain Alert Haryana: पंचकूला से लेकर गुरुग्राम तक गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना, तापमान में भी आएगी गिरावट

हरियाणा में 26-27 सितंबर को भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट। मौसम विभाग की चेतावनी, जानें अपने जिले का हाल।
 

चंडीगढ़: हरियाणा में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है. मौसम विभाग ने 26 और 27 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान जताया है. इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की संभावना है.

50 किमी की रफ्तार से हवाएं: प्रदेश के कई जिलों में 26 सितंबर को 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, मेवात, पलवल, रोहतक और जींद समेत कई जिलों में आंधी-तूफान का असर देखने को मिल सकता है.

इन जिलों में बारिश के आसार: यमुनानगर, करनाल, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत में कई जगह हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. चंडीगढ़, पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, कैथल, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, रोहतक, जींद और चरखी दादरी में भी कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है.

हिसार-भिवानी में भी बदल सकता मौसम: हिसार और भिवानी में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है. यमुनानगर, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत और पानीपत सहित अन्य जिलों में भी गरज-चमक और तेज हवाओं का असर रहने का अनुमान है.

27 सितंबर को भारी बारिश संभव: मौसम विभाग के अनुसार 27 सितंबर को प्रदेश में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके बाद 28 सितंबर को भी कुछ जगह बारिश के आसार हैं, जबकि 29 सितंबर को छिटपुट बारिश होने की संभावना है.

बारिश के बाद मौसम रहेगा शुष्क: 29 सितंबर के बाद प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है. ऐसे में अगले दो से तीन दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा और उसके बाद बारिश का दौर कमजोर पड़ सकता है.

तापमान में 2.2 डिग्री की गिरावट: प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 25 सितंबर को पिछले दिन के मुकाबले 2.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई. हालांकि तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है. महेंद्रगढ़ में अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ और यह प्रदेश में सबसे गर्म रहा. भिवानी में 34, हिसार में 33.9, सिरसा में 33.3, नारनौल में 33, फरीदाबाद में 32.3 और गुरुग्राम में 31.3 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.