{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा वेदर अपडेट: हिसार समेत कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि; ऑरेंज अलर्ट जारी

हरियाणा में बदला मौसम; हिसार, सिरसा और भिवानी में बारिश व ओलावृष्टि से पारा गिरा। मौसम विभाग ने 4 और 5 मई के लिए तेज आंधी और बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

 
हिसार : रविवार रात्रि को हरियाणा में मौसम में फिर से बदलाव हुआ। हिसार में गरज चमक के साथ तेज हवा के साथ बारिश हुई। हिसार में तेज बारिश के कारण निचले क्षेत्रों में जलभराव हुआ। सिरसा व भिवानी में बारिश के साथ कुछ जगह ओलावृष्टि हुई। फतेहाबाद सहित कुछ अन्य जगह में रात्रि को बारिश हुई। 

हरियाणा में 2 दिनों से मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। कुछ हिस्सों में बारिश के साथ ही तेज गति से हवा चली। बदले मौसम के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। दोपहर का तापमान सामान्य तौर पर 4.4 डिग्री सैल्सियस तक की गिरावट आ गई। हरियाणा में दोपहर का तापमान 32 से 37 डिग्री सैल्सियस के बीच रहा। 24 घंटे में जींद में 6 डिग्री सैल्सियस और हिसार में 5.3 डिग्री सैल्सियस की गिरावट आई। इन जगहों पर पारा एक दिन पहले (शनिवार को) 40 डिग्री सैल्सियस से ऊपर पहुंच गया था। रविवार को क्रमश: 33.5 व 35.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

भारतीय मौसम विभाग द्वारा दर्ज आंकड़ों अनुसार अम्बाला में 3, नारनोल में 5.5, गुरुग्राम में 2, यमुनानगर में 29 मिलीमीटर बारिश हुई। अंधड़ के कारण अंधेरा छा गया था। मौसम विभाग ने 4 और 5 मई को तेज आंधी, बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विशेषज्ञ डा. चन्द्र मोहन ने बताया कि मई में मौसम में बड़े बदलाव और उलटफेर देखने को मिलेगा। 

आमतौर मई में आग उगलने वाली भीषण गर्मी और लूं का कहर देखने को मिलता है परन्तु इस बार मई में मौसम में उलटफेर देखने को मिलेगा, साथ ही विशेष मौसमी गतिविधियां देखने को मिलती हैं। जिसमें नौतपा सबसे प्रमुख है जो 25 मई से 2 जून के बीच आता है। इस 9 दिनों में मैदानी राज्यों विशेषकर हरियाणा में तापमान 45 से 48 डिग्री तक पहुंच जाता है। मई में 7-8 पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होंगे जिससे आंधी और हल्की बारिश से बार-बार मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इस माह के दूसरे पखवाड़े में तापमान में बढ़ौतरी देखने को मिलेगी और दिन के तापमान सामान्य और सामान्य से अधिक जबकि रात्रि तापमान सामान्य से नीचे बने रहेंगे।