{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Weather Update: हरियाणा में मानसून हुआ सक्रिय, 18 जिलों में बारिश का अलर्ट; हिसार में सबसे ज्यादा वर्षा

हरियाणा में मानसून की सक्रियता से मौसम सुहाना। 18 जिलों में बारिश की संभावना, हिसार में सबसे ज्यादा 64.2 एमएम वर्षा दर्ज।
 

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की सक्रियता से मौसम का मिजाज बदला हुआ है. बारिश और ठंडी हवाओं के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है. मौसम विभाग के अनुसार 18 सितंबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं.

18 जिलों में बारिश की संभावना: मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक मानसून ट्रफ रेखा के राज्य के करीब आने से मानसून फिर सक्रिय हुआ है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, महेंद्रगढ़, नूंह, रोहतक, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, रेवाड़ी, गुरुग्राम, फरीदाबाद और पलवल समेत 18 जिलों में कई स्थानों पर गर्जन-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.

इन जिलों में मौसम रह सकता है शुष्क: IMD की मानें तो कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत और सोनीपत में मौसम मुख्य रूप से शुष्क से आंशिक रूप से परिवर्तनशील रहने की संभावना है. हालांकि स्थानीय स्तर पर मौसम में बदलाव से इन क्षेत्रों में भी बारिश की स्थिति बन सकती है.

हिसार में सबसे ज्यादा 64.2 एमएम बारिश: वहीं, प्रदेश के कई जिलों में 17 सितंबर को तेज और हल्की बारिश हुई. मौसम केंद्र चंडीगढ़ के आंकड़ों के अनुसार, हिसार में सबसे ज्यादा 64.2 एमएम बारिश दर्ज की गई. जींद में 40.5, सिरसा में 31.5, पानीपत में 22.5 और यमुनानगर में 19 एमएम बारिश रिकॉर्ड हुई. नूंह में 14.5, फतेहाबाद में 13, भिवानी में 12, सोनीपत में 11.5, करनाल में 8 और कैथल में 5 एमएम बारिश दर्ज की गई. बारिश के बाद कई क्षेत्रों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है.

अधिकतम तापमान 3.2°C नीचे: प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बारिश और ठंडी हवाओं के चलते 3.2°C की गिरावट दर्ज की गई. हिसार में अधिकतम तापमान में सबसे ज्यादा 7.5°C की गिरावट आई और यह 30.9°C रिकॉर्ड हुआ. वहीं नूंह 34.6°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा. प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 2.4°C की गिरावट दर्ज की गई, जो सामान्य से 1.8°C कम रहा. हिसार में सबसे कम न्यूनतम तापमान 20.5°C दर्ज हुआ, जो सामान्य से 4.4°C कम है. तापमान गिरने से लोगों को उमस से काफी राहत मिली.

19 सितंबर से साफ होने लगेगा मौसम: मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 18 सितंबर तक प्रदेश में मौसम परिवर्तनशील रहने और ज्यादातर स्थानों पर हवाओं व गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. 19 सितंबर से मानसून की गतिविधियां कम होने और मौसम के धीरे-धीरे साफ होने की संभावना है.