{"vars":{"id": "123258:4912"}}

IMD Weather Forecast Haryana: उमस भरी गर्मी से मिलेगी राहत, पंचकूला से अंबाला तक झमाझम बरसेंगे मेघ

हरियाणा में 2 सितंबर से मानसून फिर जोर पकड़ेगा। मौसम विभाग ने कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है।
 

चंडीगढ़: हरियाणा में बीते कई दिनों से उमस और तेज धूप से परेशान लोगों को अब राहत मिलने की उम्मीद है. मौसम विभाग के अनुसार, 2 सितंबर से प्रदेश में मानसून की गतिविधियां फिर बढ़ेंगी. मंगलवार यानी 1 सितंबर को कई जिलों में छिटपुट बारिश हो सकती है, जबकि अगले दो दिनों में बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है.

आज इन जिलों में बारिश के आसार: मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, पानीपत, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल और नूंह में कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हो सकती है. हालांकि हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, रोहतक, झज्जर, रेवाड़ी और महेंद्रगढ़ में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने के आसार हैं.

2 सितंबर से बढ़ेगी मानसून की सक्रियता: मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 2 सितंबर से मानसून फिर सक्रिय होगा. इस दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है. इससे तापमान में भी कुछ राहत मिलने की उम्मीद है.

3-4 सितंबर को कई जिलों में तेज बारिश: IMD की मानें तो 3 और 4 सितंबर को मानसून की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं. उत्तरी हरियाणा के पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल के अलावा पानीपत व सोनीपत में मध्यम से तेज बारिश के आसार हैं. कुरुक्षेत्र, कैथल और आसपास के इलाकों में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है.

मानसून टर्फ और साइक्लोनिक सर्कुलेशन का असर: मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि, "मानसून टर्फ की अक्षय रेखा अमृतसर, नजीबाबाद, हरदोई, सुल्तानपुर, डालटागंज और पूर्णिया से होते हुए उत्तर-पूर्वी बंगाल की खाड़ी तक बनी हुई है. वहीं, पाकिस्तान के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन बना हुआ है. इन मौसमी सिस्टम के प्रभाव से हरियाणा में मानसून की सक्रियता बढ़ने की संभावना है."

हिसार में सबसे ज्यादा गर्मी: बारिश के आसार के बावजूद सोमवार को प्रदेश में गर्मी और उमस का असर बना रहा. हरियाणा के औसत अधिकतम तापमान में पिछले दिन की तुलना में 0.6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज हुई. इसके बावजूद हिसार 38.1°C के साथ प्रदेश में सबसे गर्म रहा. फरीदाबाद में 36.1°C और बालसमंद में 37.1°C तापमान रिकॉर्ड किया गया.

रात के तापमान में भी मामूली गिरावट: प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में भी 0.6°C की कमी दर्ज हुई. गुरुग्राम में सबसे कम न्यूनतम तापमान 23°C रहा, जबकि भिवानी में रात का पारा 24°C रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार, बारिश के बाद दिन के तापमान में और गिरावट आने की संभावना है.