{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा मौसम अपडेट: 6 जिलों में यलो अलर्ट, जानें कब आएगा मानसून?

हरियाणा में प्री-मानसून सक्रिय! उत्तरी हरियाणा के 6 जिलों में यलो अलर्ट जारी। तेज हवाओं और बारिश की संभावना। जानें जुलाई में कब तक आएगा मानसून और क्या है ताजा तापमान।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में प्री-मानसून गतिविधियों के चलते मौसम लगातार करवट ले रहा है. पिछले कुछ दिनों से राज्य के कई हिस्सों में बादल, तेज हवाएं और हल्की बारिश देखने को मिल रही है. मौसम विभाग ने बुधवार को उत्तरी हरियाणा के छह जिलों पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल के लिए यलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है.

बाकी जिलों में फिलहाल मौसम रहेगा शुष्क: मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अन्य जिलों में फिलहाल मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा. हालांकि वातावरण में नमी बढ़ने से गर्मी से आंशिक राहत मिल सकती है. विभाग का कहना है कि 26 जून को भी इन्हीं छह जिलों में बारिश और तेज हवाओं का सिलसिला जारी रहने की संभावना है. वहीं 27 और 28 जून से पूरे प्रदेश में मौसम के दोबारा शुष्क होने का अनुमान है.

जुलाई के पहले सप्ताह में होगी मानसून की एंट्री: मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार इस वर्ष मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में हरियाणा में प्रवेश करेगा. इस बार मानसून की एंट्री उत्तर प्रदेश की ओर से होने की संभावना है. मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून के आगमन के साथ प्रदेश में तापमान में गिरावट आएगी और किसानों को भी राहत मिलेगी.

फरीदाबाद सबसे गर्म तो गुरुग्राम की रात सबसे ठंडी: बारिश की गतिविधियों के बावजूद प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई. फरीदाबाद 41.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म जिला रहा. इसके अलावा रोहतक और सिरसा में 40.2 डिग्री तथा अंबाला में 40.1 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं न्यूनतम तापमान में 0.5 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई. गुरुग्राम में 21 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रहने से यहां रातें अपेक्षाकृत ठंडी बनी रहीं.