{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा में फिर रफ्तार पकड़ेगा मानसून, 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

हरियाणा में मानसून फिर सक्रिय हो रहा है। IMD चंडीगढ़ ने 3 और 4 अगस्त को पंचकूला, अंबाला, गुरुग्राम समेत 9 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। पढ़ें मौसम की पूरी रिपोर्ट।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है. आईएमडी चंडीगढ़ ने 3 और 4 अगस्त को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि 9 जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना जताई है. विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली और तेज गर्जना के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना है.

इन 9 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी: आईएमडी के अनुसार पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, मेवात (नूंह), पलवल और फरीदाबाद में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा झज्जर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी सहित कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है. वहीं, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद में भी कुछ स्थानों पर वर्षा दर्ज हो सकती है.

उमस से मिलेगी राहत: मौसम विभाग का अनुमान है कि 5 से 7 अगस्त तक भी बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है. लगातार वर्षा के कारण तापमान में गिरावट आएगी और लोगों को उमस व गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है. विभाग ने के मुताबिक बारिश के चलते प्रदेश में मौसम सुहावना रहेगा और तापमान सामान्य से नीचे जा सकता है.

किसानों के लिए राहत की उम्मीद: विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी बारिश खरीफ फसलों के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है. जिन इलाकों में अब तक बारिश कम हुई है, वहां मिट्टी में नमी बढ़ने से धान, बाजरा और अन्य खरीफ फसलों को लाभ मिलेगा. मौसम विभाग ने किसानों से अपील की है कि खेतों में काम करते समय मौसम की ताजा जानकारी जरूर लेते रहें और खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों से बचें.

अब तक 14 जिलों में बारिश की कमी: हालांकि मानसून सक्रिय होने की संभावना है, लेकिन 1 जून से 1 अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 14 जिलों में सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई है. सबसे अधिक कमी सिरसा और रोहतक में 65-65 प्रतिशत, जबकि अंबाला और जींद में 62-62 प्रतिशत दर्ज हुई है. इसके अलावा हिसार, यमुनानगर, सोनीपत, पानीपत, करनाल और फतेहाबाद सहित कई जिलों में भी सामान्य से कम बारिश हुई है.

8 जिलों में सामान्य वर्षा: महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, चरखी दादरी, भिवानी, गुरुग्राम, पलवल, फरीदाबाद और कुरुक्षेत्र में अब तक सामान्य श्रेणी की बारिश रिकॉर्ड की गई है. इनमें पलवल में 202.9 मिमी और कुरुक्षेत्र में 201 मिमी वर्षा दर्ज हुई. दूसरी ओर रविवार को सिरसा के कैनाल कॉलोनी क्षेत्र में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक रहा.

बिजली गिरने के दौरान बरतें सावधानी: मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान पेड़ों के नीचे खड़े न हों, जलभराव वाले क्षेत्रों से दूरी बनाए रखें और मौसम संबंधी ताजा अपडेट पर नजर रखें. विभाग का कहना है, आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों में रहने से बचें और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलें. विभाग को उम्मीद है कि अगले तीन-चार दिनों की बारिश से कई जिलों में मानसून की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है और जल स्रोतों की स्थिति में भी सुधार आएगा.