{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा मौसम अपडेट: 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट, गर्मी से मिली राहत

हरियाणा में मानसून सक्रिय, अगले कुछ दिनों में भारी बारिश के आसार। मौसम विभाग ने 18 जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया। तापमान में 5 डिग्री तक की गिरावट।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. पिछले दो दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है. IMD के अनुसार मानसून की उत्तरी सीमा अब भिवानी और बठिंडा से होकर गुजर रही है. इसके बावजूद प्रदेश में 1 जून से 2 जुलाई तक कुल 40.1 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य औसत 61.3 मिमी होना चाहिए था. इस तरह अब तक 33 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है.

18 जिलों में आज यलो अलर्ट: वहीं, मौसम विभाग ने शुक्रवार को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और चरखी दादरी को छोड़कर हरियाणा के 18 जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़ और भिवानी में गरज-चमक, बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है.

कहीं झमाझम बारिश तो कहीं सूखा: पिछले दो दिनों में सबसे अधिक 30.8 मिमी बारिश फतेहाबाद में दर्ज की गई. इसके बाद महेंद्रगढ़ में 27.9 मिमी और हिसार में 20.7 मिमी वर्षा हुई. दूसरी ओर सिरसा में एक भी बूंद बारिश दर्ज नहीं हुई. नूंह, पलवल और फरीदाबाद में भी केवल नाममात्र की बारिश हुई, जबकि गुरुग्राम, जींद और झज्जर में 5 मिमी से कम वर्षा रिकॉर्ड की गई.

सप्ताहभर के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले: IMD के मुताबिक 26 जून से 2 जुलाई के बीच हरियाणा में केवल 11.9 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि इस अवधि में सामान्य वर्षा 21.4 मिमी होनी चाहिए थी. यानी सप्ताहभर में 44 प्रतिशत बारिश की कमी रही. हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि 3 से 5 जुलाई के बीच प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसून और सक्रिय होगा तथा कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है.

तापमान में मिली बड़ी राहत: मानसून की सक्रियता का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया है. प्रदेश के अधिकतम तापमान में सामान्य के मुकाबले 5.1 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई. सबसे अधिक तापमान 36.2 डिग्री सेल्सियस सिरसा में रिकॉर्ड हुआ, जबकि हिसार में 32.3, रोहतक में 32.8, करनाल में 30.3, अंबाला में 34.5 और चंडीगढ़ में 33.6 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया.

रातें भी हुईं सुहानी: इधर, न्यूनतम तापमान में भी गिरावट देखने को मिली. औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.7 डिग्री सेल्सियस कम रहा. सबसे कम न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस महेंद्रगढ़ के नारनौल में रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रहने से लोगों को उमस और भीषण गर्मी से राहत मिलने की संभावना है.