Weather News Haryana: अंबाला-करनाल समेत कई जिलों में झमाझम बारिश, महेंद्रगढ़ रहा सबसे गर्म—जानिए आगे कैसा रहेगा मौसम
हरियाणा में मानसून की विदाई के साथ मौसम करवट ले रहा है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है और कल से मौसम के शुष्क होने की संभावना है।
चंडीगढ़: हरियाणा में मानसून की विदाई के बीच मौसम लगातार करवट ले रहा है. बारिश और बादलों के कारण कई जिलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है. 28 सितंबर को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 7 डिग्री कम रहा.
6 जिलों में बारिश के आसार: मौसम विभाग के अनुसार 29 सितंबर को यानी कि आज पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. बारिश का दायरा सीमित रहने की संभावना है और प्रदेश के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है.
बारिश से 2.4 डिग्री गिरा तापमान: वहीं, प्रदेश के कई हिस्सों में सोमवार को बारिश के कारण अधिकतम तापमान में औसतन 2.4 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई. बारिश वाले इलाकों में दिन के समय ठंडक बढ़ी, जबकि अन्य जिलों में तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ. 28 सितंबर को अंबाला में 37.4 मिमी, करनाल में 37 मिमी और कैथल में 30 मिमी बारिश दर्ज की गई. पंचकूला में 15.5 मिमी, जबकि रोहतक और कुरुक्षेत्र में 13-13 मिमी बारिश हुई. इससे इन जिलों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा.
सोनीपत में छाई हल्की धुंध: बारिश और मौसम में बदलाव के बीच सोनीपत में सुबह हल्की धुंध देखने को मिली. बदलते मौसम के कारण सुबह और शाम के समय हल्की ठंडक महसूस होने लगी है. आने वाले दिनों में मौसम के और शुष्क होने के साथ तापमान में बदलाव की संभावना है.
महेंद्रगढ़ सबसे गर्म रहा: महेंद्रगढ़ AWS पर 28 सितंबर को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 32.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिसार और चरखी दादरी में 30.9, फरीदाबाद में 30.5, भिवानी में 29.5 और रोहतक में 29 डिग्री तापमान रहा. रनौल में अधिकतम तापमान 24.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. फतेहाबाद में 28.7 डिग्री तापमान रहा. बारिश वाले क्षेत्रों में तापमान कम रहने से दिन के मौसम में ठंडक का असर ज्यादा दिखाई दिया.
कल से मौसम होगा शुष्क: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 29 सितंबर के बाद हरियाणा में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की संभावना है. बारिश का दौर खत्म होने के बाद दिन के तापमान में फिर बढ़ोतरी हो सकती है. रत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार मानसून की वापसी की रेखा चंडीगढ़ तक पहुंच चुकी है. इसके साथ ही हरियाणा में भी मानसून की विदाई की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है और आने वाले दिनों में मौसम धीरे-धीरे पूरी तरह शुष्क होने के आसार हैं.