{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Weather: हरियाणा के 7 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, बारिश से गिरा पारा

हरियाणा के जींद, करनाल और अंबाला सहित 7 जिलों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट। तापमान में 5.7°C की भारी गिरावट। कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को कटाई रोकने की दी सलाह।

 

हरियाणा : हरियाणा में आज भी कई जिलों में मौसम खराब है। यमुनानगर और जींद में सुबह तेज बारिश हुई जबकि पंचकूला में बूंदाबांदी हुई।  मौसम विभाग ने आज जींद, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कैथल, कुरुक्षेत्र और अंबाला में बारिश और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। बाकी जिलों में भी बूंदाबांदी की संभावना है। बीते दिन कई जिलों में रुक-रुककर बारिश हुई।

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को सलाह दी है कि वे अगले 1-2 दिन तक खेतों में सिंचाई, कटाई और छिड़काव जैसे काम न करें, क्योंकि हवाओं के साथ हो रही बारिश से फसलों को नुकसान हो सकता है। राज्य में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। औसतन करीब 2.6°C तक बढ़ोतरी देखने को मिली, जिससे रातें पहले की तुलना में थोड़ी कम ठंडी महसूस हुईं। हालांकि तापमान अभी भी सामान्य के आसपास बना हुआ है। अधिकतम तापमान में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 

वहीं पिछले दिन के मुकाबले औसतन 5.7°C तक गिरावट दर्ज की गई, जिससे दिन में गर्मी से काफी राहत मिली। तापमान सामान्य से करीब 8-9 डिग्री तक नीचे पहुंच गया। राज्य में सबसे अधिक तापमान 29.3°C पलवल में दर्ज किया गया, जबकि कई जिलों में यह 25-28 डिग्री के बीच रहा। रोहतक, हिसार और करनाल जैसे क्षेत्रों में दिन का तापमान सामान्य से काफी कम रहा।