{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Haryana Weather Update: हरियाणा में बदला मौसम का मिजाज, 17 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी 

हरियाणा में मानसून की वापसी से पहले बदला मौसम। IMD ने 17 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया, तापमान में आई गिरावट।

 

चंडीगढ़: हरियाणा में कई दिनों से जारी उमस और गर्मी के बीच बुधवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली. राज्य के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई. वहीं, गुरुवार सुबह भी कई क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहा. इससे तापमान में गिरावट के साथ लोगों को उमस से राहत मिलने की उम्मीद है.

17 जिलों में बारिश का अलर्ट: IMD चंडीगढ़ ने गुरुवार सुबह अगले तीन घंटों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, जींद, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.

जींद में विधायक के घर के सामने जलभराव: वहीं, बारिश के बाद जींद में कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति बन गई. भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री के मकान के सामने भी पानी भर गया. तेज हवा के कारण सड़क पर लगाए गए बैरिकेड्स भी गिर गए. जलभराव से स्थानीय लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा. बारिश से पहले बुधवार रात उमस और गर्मी के कारण प्रदेश में बिजली की मांग करीब 11,500 मेगावाट तक पहुंच गई थी. मांग बढ़ने के बाद कई जिलों में दो से तीन घंटे तक बिजली कटौती करनी पड़ी. मौसम बदलने के बाद बिजली खपत में कमी आने की उम्मीद है.

बालसमंद सबसे गर्म: मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार बारिश से एक दिन पहले प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 1.1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई. हिसार का बालसमंद 38.5 डिग्री के साथ सबसे गर्म रहा. चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, गुरुग्राम और पलवल में भी तापमान 37 डिग्री के पार रहा. रात में पंचकूला 21.8 डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा.

11 जिलों में सामान्य से कम बारिश: मानसून आंकड़ों में प्रदेश में 1 जून से 15 सितंबर तक बारिश का असमान वितरण सामने आया है. जींद में सामान्य से 60% कम यानी 145.5 मिमी बारिश हुई, जबकि सिरसा में 58% कमी के साथ 88.1 मिमी बारिश दर्ज की गई. कैथल और रोहतक में 48%, कुरुक्षेत्र और करनाल में 41% तथा अंबाला में 40% बारिश कम रही.

पलवल में सबसे अधिक बारिश: मानसून सीजन में पलवल जिले में सामान्य से 21% अधिक बारिश दर्ज की गई है. यहां अब तक 473.4 मिमी बारिश हुई. इसके विपरीत पानीपत में सामान्य से 36% और सोनीपत में 31% बारिश कम दर्ज की गई. ताजा बारिश के बाद किसानों और आम लोगों को मौसम में राहत की उम्मीद है.