{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Weather Forecast Haryana September 2026: मानसून की विदाई के बीच बारिश से गिरेगा पारा, जानिए कैसा रहेगा आपके जिले का हाल

हरियाणा में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बदलेगा मौसम। कई जिलों में बारिश और तापमान में गिरावट के आसार, जानिए पूरी रिपोर्ट।
 

चंडीगढ़:हरियाणा में शुक्रवार से मौसम करवट लेने जा रहा है. पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से अगले 3-4 दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बूंदाबांदी के आसार हैं. पूर्वी हरियाणा के यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, पलवल और फरीदाबाद में बारिश की संभावना जताई गई है.

उत्तरी जिलों में ज्यादा असर: मौसम विभाग के अनुसार 27 से 29 सितंबर के दौरान उत्तरी जिलों में हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर और कुरुक्षेत्र में इसका असर ज्यादा देखने को मिल सकता है.

दक्षिणी-पश्चिमी हिस्सों में बूंदाबांदी: प्रदेश के पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक बारिश के कारण दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है.

हवाओं की दिशा बदलने से मौसम बदलेगा: मौसम वैज्ञानिक डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, "मानसून की विदाई के बाद पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक प्रभाव और हवाओं के पश्चिमी से पूर्वी होने के कारण मौसम में बदलाव संभावित है.”

29 सितंबर के बाद फिर खुश्क मौसम: मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 29 सितंबर के बाद बारिश का दौर समाप्त हो सकता है. इसके बाद प्रदेश में मौसम फिर खुश्क होने और आसमान साफ रहने की संभावना है. बीते 24 घंटे में फरीदाबाद प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा. यहां अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हिसार में 35.5, अंबाला में 35.7 और रोहतक में 33.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा.

रात के तापमान में भी बदलाव: गुरुग्राम में न्यूनतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. रोहतक में 26.4, फरीदाबाद में 26.4 और हिसार में 23.4 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. बारिश के बाद रात में ठंडक बढ़ने की संभावना है.

मानसून की विदाई के बीच बारिश: मौसम विभाग के अनुसार मानसून की विदाई रेखा गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरपुर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर और नलिया की ओर से गुजर रही है. इसी बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हरियाणा में कुछ दिन बारिश का दौर देखने को मिलेगा.