{"vars":{"id": "123258:4912"}}

हरियाणा मौसम: 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, जानें कब मिलेगी गर्मी से राहत

हरियाणा में बदला मौसम! पानीपत, करनाल और अंबाला समेत 8 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट। 45 डिग्री तक पहुंचा पारा, जानें 1 मई तक के मौसम का पूरा बुलेटिन।

 

चंडीगढ़: मौसम विभाग ने हरियाणा में बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया है. ताजा जारी रिपोर्ट के मुताबिक पानीपत, करनाल, यमुनानगर, जींद, कैथल, कुरूक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला में हल्की धूल भरी आंधी चलने की संभावना है. मौसम विभाग के मुताबिक ट्राईसिटी (चंडीगढ़, SAS नगर (मोहाली) और पंचकूला) के कुछ हिस्सों और आस-पास के इलाकों में तेज हवाओं (30-50 kmph) के साथ हल्की आंधी-तूफान आने की संभावना है.

हरियाणा मौसम अपडेट: मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण अचानक से मौसम का मिजाज बदल गया है. हरियाणा का अधिकतम तापमान फिलहाल 45 डिग्री के पास बना हुआ है. बीते 24 घंटों में हरियाणा का अधिकतम तापमान फरीदाबाद में 44.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, ये सामान्य से 3.3 डिग्री ज्यादा है. यमुनानगर को छोड़कर बाकी सभी जिलों का तापमान 40 डिग्री से ऊपर चल रहा है. यमुनानगर में अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया.

हरियाणा की रातें भी हुई गर्म: सिर्फ दिन ही नहीं, हरियाणा में रातें भी गर्म होने लगी हैं. भले ही न्यूनतम तापमान में पिछले 24 घंटों में 1.6 डिग्री की गिरावट जरूर हुई है, लेकिन ये अभी भी सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस ज्यादा है. प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान यमुनानगर में 20.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि भिवानी में रात का पारा 30.5 डिग्री तक पहुंच गया, जो काफी ज्यादा है.

1 मई तक का मौसम बुलेटिन जारी: मौसम विभाग की ताजा जारी रिपोर्ट के मुताबिक हरियाणा में 29 अप्रैल को सूबे के मध्य और दक्षिण हिस्सों में येलो अलर्ट जारी रहेगा. 30 अप्रैल से मौसम साफ होना शुरू होगा और 1 मई तक पूरा प्रदेश 'ग्रीन जोन' में आ जाएगा. जिससे लोगों को लू और धूलभरी हवाओं से पूरी तरह राहत मिलने की उम्मीद है.