{"vars":{"id": "123258:4912"}}

Bhiwani DRDA Hall News: महिला आयोग का प्रयास विवादों का उचित समाधान करना है, निष्पक्ष जांच के दिए गए सख्त निर्देश

हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने भिवानी में महिलाओं से जुड़े मामलों की सुनवाई की। 30 में से 9 मामलों का आपसी समझौते से समाधान किया गया।

 

महिला आयोग का प्रयास विवादों का उचित समाधान करना है: मीना परमार

महिला आयोग ने 30 मामलों की सुनवाई कर 9 मामलों का कराया समझौता

राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में की मामलों की सुनवाई

भिवानी, 30 सितंबर। बुधवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए सभागार में हरियाणा राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष मीना परमार ने महिलाओं से संबंधित मामलों की सुनवाई की। उन्होंने लंबे समय से चल रहे पारिवारिक विवाद एवं अन्य मामलों सहित कुल 30 मामलों पर सुनवाई की, जिनमें नौ मामलों में आपसी समझौता करवाकर निपटारा किया गया। वहीं पांच मामलों में दोबारा जांच के आदेश दिए गए तथा छह मामलों को हरियाणा राज्य महिला आयोग के पंचकूला स्थित कार्यालय में आगामी सुनवाई के लिए बुलाया गया। शेष मामलों में अगली सुनवाई के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

मीना परमार ने जांच अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक मामले में दोनों पक्षों को ध्यानपूर्वक सुना जाए और निष्पक्षता के साथ जांच की जाए। किसी भी पक्ष के साथ भेदभाव नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि आयोग का प्रयास विवादों का उचित समाधान कर दोनों पक्षों को बेहतर एवं शांतिपूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित करना है।

मीना परमार ने कहा कि महिलाओं को किसी भी प्रकार से घबराने या डरने की आवश्यकता नहीं है। महिला आयोग हर जरूरतमंद महिला के साथ खड़ा है। कोई भी महिला अपनी शिकायत आयोग के ई-मेल के माध्यम से लिखित रूप में दर्ज करवा सकती है। उन्होंने कहा कि आयोग का उद्देश्य दोनों पक्षों को सुनकर निष्पक्ष रूप से मामले का समाधान करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महिला आयोग केवल महिलाओं का पक्ष लेने के लिए नहीं, बल्कि महिला और पुरुष दोनों पक्षों को सुनकर तथ्यों एवं जांच के आधार पर उचित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए कार्य करता है।

सुनवाई के दौरान महिला आयोग की  सदस्य भारती सैनी, डीएसपी अनूप कुमार, महिला थाना एसएचओ बबीता, सीडीपीओ किरण, पीपीओ हरबंश कौर, एडवोकेट पूजा लोधी, अंकुर शर्मा तथा हनी सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।