{"vars":{"id": "123258:4912"}}

54वीं नेशनल चैंपियनशिप में हरियाणा ने जीता कांस्य

 

भिवानी:

धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र की धरा एक बार फिर खेल के मैदान में ऊर्जा से सराबोर नजर आई। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल परिसर में 54वीं एचएफआई सीनियर पुरुष नेशनल हैंडबॉल चैंपियनशिप का सफल आयोजन संपन्न हुआ। 23 से 27 मार्च तक चले इस महाकुंभ में देश भर की 31 टीमों ने अपनी ताकत और कौशल का प्रदर्शन किया।

खिलाडिय़ों के खाने व ठहरने की व्यवस्था जाट धर्मशाला कुरूक्षेत्र के प्रधान कृष्ण श्योकंद द्वारा धर्मशाला में की गई थी। हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया (एचएफआई) के अध्यक्ष महेश चौहान के कुशल दिशा-निर्देशों में आयोजित इस प्रतियोगिता ने भारतीय हैंडबॉल के भविष्य की एक शानदार तस्वीर पेश की। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खेल मंत्री गौरव गौतम तथा समापन पर हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के प्रधान कैप्टन मीनू बेनिवाल ने शिरकत की थी।
      इस चैैंपियनशिप में पंजाब की टीम प्रथम, मध्य प्रदेश की टीम द्वितीय व हरियाणा की टीम तृतीय स्थान पर रही। मेजबान राज्य होने के नाते हरियाणा पर सबकी नजरें टिकी थीं। हरियाणा की टीम ने मैदान पर अदम्य साहस और तालमेल का परिचय देते हुए तीसरा स्थान (कांस्य पदक) हासिल किया। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है, क्योंकि 31 राज्यों की कड़ी चुनौती के बीच पदक जीतना हरियाणा के खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत और खेल के प्रति उनके समर्पण को दर्शाता है। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि हरियाणा की यह युवा टीम आने वाले समय में राष्ट्रीय स्तर पर नंबर वन बनने की पूरी क्षमता रखती है।
     हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव प्रीतपाल सिंह सलूजा ने कहा कि इस सफल आयोजन का श्रेय खिलाडिय़ों के जोश और हमारी समर्पित कोचिंग टीम को जाता है। 31 टीमों की भागीदारी यह बताती है कि भारत में हैंडबॉल का ग्राफ कितनी तेजी से बढ़ रहा है। प्रतियोगिता को सुचारू रूप से चलाने और बेहतरीन प्रबंधन की जिम्मेदारी कोचों की एक अनुभवी टीम के कंधों पर थी।

कोषाध्यक्ष डा. गुरशरण सिंह गिल, कोच परमवीर सिवाच, कोच विवेक कुमार, कोच विकास कुमार ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए आयोजन को यादगार बना दिया। सफल समापन के बाद आयोजन समिति और खेल प्रेमियों ने हैंडबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष महेश चौहान का विशेष आभार व्यक्त किया। उनकी दूरदर्शी सोच और खेल को बढ़ावा देने की नीति के कारण ही कुरुक्षेत्र को इतने बड़े राष्ट्रीय स्तर के आयोजन की मेजबानी मिली, जिससे स्थानीय खिलाडिय़ों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं और अनुभव प्राप्त हुआ।