{"vars":{"id": "123258:4912"}}

मुख्यमंत्री की ऐतिहासिक घोषणा का स्वागत : हरियाणा खेल नीति में योगासन शामिल होने पर भिवानी के योग साधकों में भारी उत्साह
 

योगासन के खेल नीति में शामिल होने से खुलेंगे युवाओं के लिए प्रगति के द्वार : डा. मदन मानव 
योगासन खेलो को हरियाणा खेल नीति में शामिल करने पर जताया आभार : भावना वर्मा
 

भिवानी, 24 जून : 
प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योगा दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में की गई ऐतिहासिक और दूरदर्शी घोषणाओं का योगासन भिवानी ने पुरजोर स्वागत किया है। एसोसिएशन ने योगासन खेल के उत्थान और इसे हरियाणा की खेल नीति में शामिल करने के लिए मुख्यमंत्री का हार्दिक आभार व्यक्त किया है। भिवानी योगा स्टूडियो के संचालक बंटी मेघवाल और योगासन भिवानी की मीडिया डायरेक्टर भावना वर्मा लेघां ने संयुक्त बयान में बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने समारोह में स्वयं योगाभ्यास कर प्रदेशवासियों को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का प्रेरणादायी संदेश दिया है। 
कार्यक्रम में 16 मित्र देशों के युवाओं की सहभागिता ने योग की वैश्विक स्वीकार्यता तथा भारत की वसुधैव कुटुम्बकम् की भावना को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया। उन्होंने मुख्यमंत्री द्वारा की गई क्रांतिकारी घोषणाओं की सराहना की। एसोसिएशन के अध्यक्ष डा. मदन मानव, सचिव सुरेश वीर जांगड़ा आलमपुर, भिवानी योगा स्टूडियो के अध्यक्ष बंटी मेघवाल एवं मीडिया डायरेक्टर भावना वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा योगासन खेल को हरियाणा की खेल नीति में शामिल करने का निर्णय एक मील का पत्थर साबित होगा। ये घोषणाएं मात्र प्रशासनिक निर्णय नहीं हैं, बल्कि हरियाणा में योग, संस्कार एवं भारतीय संस्कृति के पुनर्जागरण की आधारशिला हैं। इन निर्णयों से प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों, खिलाडिय़ों, प्रशिक्षकों एवं युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा योगासन खेल को नई ऊँचाइयाँ प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि अब योगासन खेल को आधिकारिक रूप से हरियाणा की खेल नीति में शामिल किया जाएगा। कक्षा 3 से 9 तक योग शिक्षा को अनिवार्य रूप से पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया जाएगा। विद्यालयी शिक्षकों को विशेष योग प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। एचएसएससी व एचपीएससी की परीक्षाओं में योग से संबंधित प्रश्न सम्मिलित किए जाएंगे, जिससे युवाओं में इस विषय के प्रति गंभीरता बढ़ेगी। आयुष योग प्रशिक्षकों एवं निरीक्षकों के लंबे समय से रिक्त पड़े पदों को जल्द भरा जाएगा।  उन्होंने कहा कि हरियाणा योग आयोग के अध्यक्ष एवं योगासन भारत के महासचिव डॉ. जयदीप आर्य के दूरदर्शी नेतृत्व में प्रदेश योग के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियाँ अर्जित कर रहा है। योगासन भिवानी ने माननीय मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विशेष धन्यवाद ज्ञापित करते हुए यह आशा व्यक्त की कि उनका संरक्षण एवं आशीर्वाद भविष्य में भी हरियाणा योग आयोग तथा योग से जुड़े सभी संगठनों को इसी प्रकार प्राप्त होता रहेगा।