सुखना लेक पर हरियाणवी फैशन शो का आयोजन करेगा राह गु्रप फाउंडेशन
भिवानी, 11 मई : हरियाणवी संस्कृति, लोक परंपराओं और ग्रामीण प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाने के उद्देश्य से सामाजिक संस्था राह गु्रप फाउंडेशन द्वारा इस वर्ष एक भव्य हरियाणवी फैशन शो एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। चार दिवसीय यह विशेष कार्यक्रम एक्सप्लोर इंडिया अभियान के अंतर्गत 11 जून से 14 जून तक पंचकूला, चण्डीगढ़ व मोरनी हिल्स में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की सबसे बड़ी खासियत सुखना लेक पर आयोजित होने वाला हरियाणवी फैशन शो रहेगा, जिसमें प्रदेशभर से चयनित प्रतिभागी पारंपरिक हरियाणवी वेशभूषा, लोक संस्कृति और देसी अंदाज की झलक प्रस्तुत करेंगे। फैशन शो में हरियाणा की प्रसिद्ध पगड़ी, दामण-कुर्ती, झुमके, खंडवा, ग्रामीण आभूषणों और लोक संस्कृति से जुड़ी झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। आयोजन का उद्देश्य आधुनिक मंच पर हरियाणवी संस्कृति की पहचान को मजबूत करना और युवाओं को अपनी जड़ों से जोडऩा है।
इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए राह गु्रप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़, वाइस चेयरमैन रामनिवास वर्मा, अवार्ड समिति संयोजक स्टेट अवार्डी श्याम सुन्दर सांगवान, राजेश टांक एवं अजय श्योराण ने बताया कि इस बार सम्मान समारोह को केवल अवार्ड तक सीमित न रखकर सांस्कृतिक उत्सव का रूप दिया गया है। उन्होंने बताया कि ग्लोबल रोल मॉडल अवार्ड-2026 के तहत शिक्षा, समाजसेवा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, ग्राम विकास, खेल, कला, पत्रकारिता, महिला सशक्तिकरण, पौधारोपण, रोजगार सृजन और नशा मुक्ति अभियान जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 101 हस्तियों को सम्मानित किया जाएगा। चयन प्रक्रिया में पिछले तीन वर्षों के सामाजिक एवं रचनात्मक कार्यों को मुख्य आधार बनाया गया है।
बॉक्स
25 मई तक होंगे आवेदन
संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि अवार्ड हेतु आवेदन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू होगी तथा आवेदन की अंतिम तिथि 25 मई 2026 निर्धारित की गई है। व्यक्तिगत प्रतिभागियों के साथ-साथ संस्थाएं और सामाजिक संगठन भी आवेदन कर सकेंगे। चयनित अवार्डियों की सूची मई माह के अंतिम सप्ताह में जारी की जाएगी।
बॉक्स
कार्यक्रम में नहीं होंगे पारंपरिक वीआईपी मुख्य अतिथि
राह गु्रप फाउंडेशन के चेयरमैन नरेश सेलपाड़ और संयोजक श्यामसुन्दर सांगवान ने बताया कि इस कार्यक्रम में पारंपरिक मुख्य अतिथि संस्कृति से अलग हटकर वास्तविक सामाजिक नायकों को मंच दिया जाएगा। प्रत्येक अवार्डी को अपने संघर्ष, अनुभव और उपलब्धियों को साझा करने का अवसर मिलेगा, ताकि युवा पीढ़ी प्रेरणा ले सके।
बॉक्स
पर्यटन और स्थानीय रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
इस दौरान अवार्डियों को विश्वप्रसिद्ध रॉक गार्डन, शांत एवं मनोरम सुखना लेक और खूबसूरती से सजे रोज गार्डन के भ्रमण करेंने के अवसर के साथ-साथ आधुनिक शहरी योजना, स्वच्छता और हरियाली उन्हें एक अलग अनुभव देगी। वहीं पंचकूला स्थित आस्था के केंद्र माता मनसा देवी मंदिर के दर्शन और यादविंद्रा गार्डन ( पिंजौर गार्डन) की ऐतिहासिक सुंदरता देखने को मिलेगी। इसी प्रकार मोरनी हिल्स में प्रतिभागी टिक्कर ताल जैसी झीलों, ठंडी जलवायु और प्राकृतिक वादियों का अनुभव करेंगे, साथ ही ट्रैकिंग व नेचर वॉक जैसी गतिविधियां रोमांच बढ़ाएंगी। इसके अतिरिक्त हरियाणा विधानसभा, पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय और कैपिटल कॉम्प्लेक्स का भ्रमण प्रतिभागियों को प्रशासनिक एवं स्थापत्य विरासत से रूबरू कराएगा, जो उन्हें नई प्रेरणा प्रदान करेगा।