{"vars":{"id": "123258:4912"}}

छात्राओं को अपनी जड़ों से जोड़ेगी 15 दिवसीय हरियाणवी लोकनृत्य कार्यशाला
 

राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मानहेरू में हुआ 15 दिवसीय कार्यशाला का आगाज
सर्वांगीण विकास के लिए विद्यार्थियों को संस्कृति का ज्ञान जरूरी : प्राचार्या कृष्णा कुमारी
 
भिवानी, 01 जून : आधुनिकता के इस दौर में युवा पीढ़ी को अपनी समृद्ध संस्कृति और गौरवशाली इतिहास से जोड़े रखना बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य के साथ उत्तर क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र पटियाला के तत्वावधान में गांव मानहेरू स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में सोमवार से 15 दिवसीय हरियाणवी लोकनृत्य कार्यशाला का शानदार शुभारंभ हुआ। इस अनूठी कार्यशाला में विद्यालय की करीब 100 छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया है, जहां उन्हें अगले 15 दिनों तक हरियाणवी लोक नृत्य की विभिन्न विधाओं और प्रदेश की सांस्कृतिक विरासतों से रूबरू कराया जाएगा।
     कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यालय की प्राचार्या कृष्णा कुमारी ने शिरकत की और दीप प्रज्वलित कर कार्यशाला की शुरुआत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता डीपीई दयानन्द ने की। इस अवसर पर छात्राओं का उत्साह देखते ही बनता था। लोकनृत्य और कला के क्षेत्र के जाने-माने विशेषज्ञ अनूप कुमार इस कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक के तौर पर छात्राओं को बारीकियां सिखा रहे हैं।
    कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विद्यालय की प्राचार्या कृष्णा कुमारी ने कहा कि इस 15 दिवसीय कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य हमारी छात्राओं को हरियाणवी संस्कृति, लोक कला और उच्च संस्कारों से जोडऩा है। आज के समय में किताबी ज्ञान के साथ-साथ अपनी जड़ों और सांस्कृतिक मूल्यों को पहचानना भी उतना ही आवश्यक है। कला और नृत्य केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये व्यक्तित्व में निखार लाते हैं। इस कार्यशाला के माध्यम से हम छात्राओं को सर्वांगीण विकास की तरफ अग्रसर करना चाहते हैं, ताकि वे एक जागरूक, संस्कारी और आत्मविश्वासी नागरिक बनकर समाज में अपनी पहचान बना सकें।
     कार्यशाला के पहले ही दिन छात्राओं में अभूतपूर्व ऊर्जा और सीखने की ललक दिखाई दी। मुख्य प्रशिक्षक अनूप कुमार ने बताया कि अगले दो सप्ताह में छात्राओं को हरियाणवी संस्कृति के विभिन्न पहलुओं, लोक गीतों की ताल और पारंपरिक नृत्यों जैसे घूमर, फाग, लूर, धमाल आदि के स्टेप्स सिखाए जाएंगे। इस अवसर पर रजीता, सोनू, शर्मिला, सुनील कुमारी, विकास चौधरी, रेखा रंगा, इशू जांगड़ा सहित समस्त स्टाफ सदस्य व विद्यार्थी मौजूद रहे।