पार्षदों ने किया हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के नए चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ का अभिनंदन
शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली में और अधिक पारदर्शिता लाएंगे चेयरमैन शंकर धूपड़ : पार्षद
Jun 1, 2026, 14:08 IST
भिवानी, 01 जून : हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के नवनियुक्त चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ के पदभार ग्रहण करने के बाद उन्हें बधाई देने और समाज के विभिन्न वर्गों द्वारा उनका स्वागत करने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में सोमवार को भिवानी के विभिन्न वार्डो के पार्षदों ने नवनियुक्त चेयरमैन से शिष्टाचार मुलाकात की और उन्हें पुष्प गुच्छ भेंट कर इस नए एवं महत्वपूर्ण दायित्व के लिए हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दीं। चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ का अभिनंदन करने वालों में मुख्य रूप से पार्षद सुदामा सिंह तंवर, पार्षद अंकुर कौशिक, जयवीर रंगा और पार्षद मनीष गुरेजा शामिल रहे। इस मुलाकात के दौरान पार्षदों ने शिक्षा बोर्ड के भविष्य और प्रदेश में शिक्षा के स्तर को और ऊंचा उठाने को लेकर सकारात्मक चर्चा की। मुलाकात के बाद पार्षद सुदामा सिंह तंवर, अंकुर कौशिक, मनीष गुरेजा और जयवीर रंगा ने नवनियुक्त चेयरमैन की कार्यशैली और उनकी प्रशासनिक क्षमताओं पर पूरा भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि शंकर लाल धूपड़ का हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के चेयरमैन पद पर नियुक्त होना पूरे प्रदेश के लिए और विशेषकर शिक्षा जगत के लिए एक बेहद सुखद संकेत है। उनके कुशल नेतृत्व, दूरगामी सोच और जमीनी अनुभवों के चलते अब शिक्षा बोर्ड की कार्यप्रणाली में और अधिक पारदर्शिता, गति और सुधार देखने को मिलेगा। हमें पूरा विश्वास है कि उनके मार्गदर्शन में बोर्ड न केवल परीक्षाओं के संचालन को और अधिक सुगम बनाएगा, बल्कि सरकारी स्कूलों और प्रदेश के छात्रों के शैक्षणिक स्तर में भी गुणात्मक सुधार आएगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए चेयरमैन के कार्यकाल में हरियाणा बोर्ड देश के अग्रणी शिक्षा बोर्ड्स में अपनी एक अलग पहचान सुदृढ़ करेगा और आधुनिक तकनीक के समावेश से बोर्ड के कामकाज को और अधिक छात्र-अनुकूल बनाया जाएगा। नवनियुक्त चेयरमैन शंकर लाल धूपड़ ने सभी पार्षदों और गणमान्य साथियों का इस स्नेह और सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे बोर्ड की गरिमा को बनाए रखते हुए प्रदेश में शिक्षा के स्तर को सुधारने और व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ व पारदर्शी बनाने के लिए पूरी निष्ठा से काम करेंगे।