हरियाणा के 3 जिलों में जबरदस्त ओलावृष्टि
हरियाणा में कड़ाके की ठंड के बीच अब मौसम ने एक बार फिर से करवट ले ली है। सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आज प्रदेश के 18 जिलों में भारी बारिश और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की गई है। नारनौल, हिसार, रोहतक, भिवानी और फतेहाबाद में बारिश के साथ तेज ओले गिरे है, जिसे जमीन पर बर्फ जैसी चादर बिछ गई।
हिसार के गांव बुड़ाक, सरसाना, बांडाहेडी, खासा महाजन, घुड़साल, बगला, कालीरामन आदि गांवों में भारी ओलावृष्टि हुई है। इसके अलावा सोनीपत, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, नूंह, गुरुग्राम, कुरुक्षेत्र और पानीपत में भी बारिश शुरू हो गई है, जबकि झज्जर और फरीदाबाद में बादल छाए हुए है।
मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में आज बारिश ज्यादा असर दिखा सकती है, जबकि पश्चिमी जिलों में ठंड और शीतलहर जैसी स्थिति बनी रह सकती है। महेंद्रगढ़, चरखी दादरी, रेवाड़ी, झज्जर में मेघगर्जन, आकाशीय बिजली के साथ ओलावृष्टि की संभावना है। 50-60 KMPH के साथ आंधी चल सकती है।
राज्य के कई जिलों में पारा 2 से 5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया है। सबसे कम न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस रहा, जिससे खुले इलाकों और ग्रामीण क्षेत्रों में ज्यादा ठिठुरन बढ़ गई है। वहीं अधिकतम तापमान में बीते दिन की तुलना में लगभग 1 से 3 डिग्री की बढ़ोतरी जरूर हुई है, लेकिन यह अब भी सामान्य से नीचे है। मगर, मंगलवार को हुई बारिश और ओलावृष्टि के कारण ठंड फिर से बढ़ेगी।