Hindi Diwas Celebration in CBIU Bhiwani: चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में धूमधाम से मनाया गया हिंदी दिवस, वक्ताओं ने दिए विचार
चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय में हर्षोल्लास से मनाया गया हिंदी दिवस
भिवानी, 14 सितंबर 2026। चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय, भिवानी के भारतीय संस्कृति एवं भाषा विभाग द्वारा हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में गरिमापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान और गौरव की भावना विकसित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में भूतपूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी एवं पूर्व सूचना आयुक्त,प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस श्री शिवरमन गौड़ उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि हिंदी केवल संप्रेषण का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय समाज की सांस्कृतिक चेतना और संवेदना को अभिव्यक्त करने वाली सशक्त भाषा है। हिंदी ने देश के विभिन्न वर्गों और संस्कृतियों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने विद्यार्थियों से हिंदी को ज्ञान और रचनात्मक अभिव्यक्ति का माध्यम बनाने का आह्वान किया।
विधि विभाग के प्रो. प्रमोद मलिक ने कहा कि हिंदी की शक्ति उसकी व्यापकता और सहजता में है। आज साहित्य, सिनेमा, पत्रकारिता, विज्ञापन और डिजिटल मीडिया में हिंदी निरंतर अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी को आधुनिक तकनीक और डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. जितेंद्र कुमार ने की। उन्होंने कहा कि हिंदी भारतीय जनमानस की संवेदनाओं को व्यक्त करने वाली भाषा है और इसका विकास केवल सरकारी प्रयासों से नहीं, बल्कि प्रत्येक हिंदी प्रेमी के सहयोग से संभव है। विद्यार्थियों को हिंदी में पढ़ने, लिखने और विचार व्यक्त करने के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं। डॉ. सुशीला ने हिंदी पर कविता, डॉ. महक ने मधुर गीत और डॉ. उमाशाह ने स्वरचित कविता प्रस्तुत की। श्रीमती मनीषा कुमारी ने हिंदी के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को यूजीसी नेट के लिए प्रेरित किया। छात्र हर्षवर्धन द्वारा प्रस्तुत ग़ज़लों ने श्रोताओं को विशेष रूप से आकर्षित किया।
मंच संचालन डॉ. दीपक कुमारी, सहायक प्रोफेसर, हिंदी द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विभाग के प्राध्यापक एवं विद्यार्थी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।