Jeevan Kundu Murder Case: हिसार में समाप्त हुआ धरना, CM नायब सैनी ने मानी मांगें, 10 किसान जेल से रिहा
हिसार : हिसार में बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड मामले में लंबे समय से चल रहा धरना अब समाप्त कर दिया गया है। न्याय संघर्ष समिति और सरकार के बीच हुई वार्ता में समिति की सभी प्रमुख मांगों पर सहमति बनने के बाद यह फैसला लिया गया। वही आज शाम को जीवन कुंडू धरना कमेटी की बैठक धरना स्थल पर आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार 18 अगस्त को सुबह 11 बजे गांव किनाला में किया जाएगा।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ हुई बैठक में मुख्य आरोपी रमेश अत्री की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की मौजूदा टीमों के साथ अतिरिक्त टीम और STF की टीमें लगाने तथा जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन दिया गया। समिति सदस्य एवं पूर्व मंत्री प्रो. छत्रपाल ने बताया कि मुख्यमंत्री ने परिवार को मुआवजा, मृतक की विधवा को नौकरी और मामले से जुड़े अन्य मुद्दों पर भी सहमति जताई है। समिति के अनुसार, 4 अगस्त से 15 अगस्त तक जीवन कुंडू हत्याकांड को लेकर हुए धरना-प्रदर्शन, टोल जाम और अन्य आंदोलनों के दौरान दर्ज किए गए मुकदमों को वापस लेने पर भी सरकार ने सहमति दी है। प्रदर्शन के दौरान जब्त किए गए वाहनों को वापस लौटाने की बात भी कही गई है।
उन्होंने कहा कि हांसी में हुए हंगामे के मामले में गिरफ्तार सुरेश कोथ समेत 10 किसानों को कोर्ट से जमानत मिल गई है। जमानत के बाद सभी किसानों को भोंडसी जेल से रिहा कर दिया गया है। उनके रिहा होने के बाद परिवार और समर्थक गांव किनाला पहुंचेंगे। सरकार के साथ सहमति बनने के बाद हिसार लघु सचिवालय के बाहर चल रहा धरना भी समाप्त कर दिया गया।
किसान मोर्चा के कॉर्डिनेटर सदानंद राजलीवाल ने कहा कि समिति की चार प्रमुख मांगों—आरोपियों की गिरफ्तारी, परिवार को मुआवजा, विधवा को नौकरी और आंदोलन के दौरान दर्ज सभी मुकदमे वापस लेनेपर सहमति बनी है। उन्होंने कहा कि अब सभी साथी किनाला गांव पहुंचेंगे, जहां मंगलवार सुबह 10 से 11 बजे के बीच जीवन कुंडू का अंतिम संस्कार किया जाएगा।