पानी का संकट होगा तो वह किसी एक के नहीं बल्कि सभी के लिए होगा: डॉ. रचना तंवर
भिवानी।
नीति आयोग की निगरानी एवं मूल्यांकन कार्यालय निदेशक तथा जल शक्ति अभियान की सेंटर नोडल अधिकारी डॉ. रचना तंवर की अध्यक्षता में स्थानीय लघु सचिवालय स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में जल शक्ति अभियान की समीक्षा बैठक हुई।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पानी का संकट होगा तो वह किसी एक के नहीं बल्कि सभी के लिए होगा।
ऐसे में सभी विभाग जल संरक्षण पर मिलकर कार्य करें। जल शक्ति अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यों को संबंधित पोर्टल पर अपडेट करना जरूरी है। इस दौरान सीईओ जिला परिषद अजय चोपड़ा ने भी जरूरी निर्देश दिए।
निदेशक डॉ. रचना तंवर ने कहा कि जलशक्ति अभियान के तहत सिंचाई विभाग, कृषि विभाग, पंचायत विभाग, पब्लिक हेल्थ, वन विभाग, शिक्षा विभाग व बागवानी विभाग आदि विभिन्न विभागों द्वारा जल संरक्षण और जल संचय को लेकर अनेक कार्य किए जाते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी तालमेल कर जलशक्ति अभियान के टारगेट को पूरा करें।
उन्होंने अधिकारियों को ये भी निर्देश दिए कि वे 2025 तक जल शक्ति अभियान के तहत किए गए कार्यों की प्रगति रिपोर्ट आंकड़ों सहित पोर्टल पर अपडेट करें। जल शक्ति अभियान के तहत संबंधित विभागों के लिए जो कार्य निर्धारित किए गए हैं, उनको समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें।
निदेशक डॉ. रचना तंवर ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जल शक्ति अभियान के तहत किए जाने वाले कार्यों के साथ-साथ ग्रामीणों या लोगों को पानी की बचत के बारे में जागरूक करें। नागरिकों को बताएं कि पानी के प्राकृतिक स्त्रोतों का रखरखाव बहुत जरूरी हैं।
उन्होंने कहा कि जागरूकता अभियान का बहुत ही सकारात्मक प्रभाव पड़ता है।
इस दौरान वन मंडल अधिकारी डॉ. राजेश वत्स, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अधीक्षक अभियंता सुनील रंगा, कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. विनोद फोगाट व उप जिला शिक्षा अधिकारी शिव कुमार तंवर सहित अनेक अधिकारी मौजूद रहे।